
डेस्क। शहर में महिला सशक्तिकरण की मिसाल बन चुकीं ‘वफल वाली’ बहनों के साहस और आत्मनिर्भरता की बुधवार को जिला प्रशासन ने खुलकर सराहना की। हाल ही में एक मनचले को सबक सिखाकर चर्चा में आईं चार बहनों के वफल काउंटर पर कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल और पुलिस अधीक्षक हितिका वासल पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने बहनों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और उन्हें सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया। एबी रोड स्थित संजय स्टेडियम के पास अपनी मां के साथ वफल काउंटर संचालित करने वाली इन बहनों ने अपने पिता के निधन के बाद संघर्षों के बीच आत्मनिर्भर बनने का रास्ता चुना।
मेहनत और हौसले के दम पर उन्होंने शहर में ‘वफल वाली’ के नाम से अपनी अलग पहचान बनाई है। शाम से देर रात तक चलने वाले इस काउंटर पर वे स्वयं ग्राहकों को सेवा देती हैं और परिवार का सहारा बनी हुई हैं। गत दिनों उनके काउंटर के पीछे स्थित पार्क में एक मनचले द्वारा एक बच्ची का पीछा करने और उसके साथ अभद्र हरकत करने का मामला सामने आया था। डरी हुई बच्ची जब रोते हुए वफल काउंटर पर पहुंची तो बहनों ने उससे पूरी बात जानी। विरोध करने पर आरोपी ने बहनों के साथ भी गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद बहनों ने हिम्मत दिखाते हुए मनचले को पकड़ लिया और उसकी जमकर धुनाई कर दी। घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। बाद में इस संबंध में कैंट थाने में शिकायती आवेदन भी दिया गया।
मामले ने तूल पकड़ा तो प्रशासन ने भी गंभीरता दिखाई। बुधवार को कलेक्टर किशोर कुमार कन्याल, एसपी हितिका वासल, जिला पंचायत सीईओ अभिषेक दुबे सहित अन्य अधिकारी सीधे वफल काउंटर पर पहुंचे। अधिकारियों ने बहनों की दिलेरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि समाज में महिलाओं और युवतियों को आगे बढ़ाने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि किसी भी प्रकार की छेड़छाड़, धमकी या उत्पीडऩ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
अधिकारियों ने कहा कि चारों बहनों ने कठिन परिस्थितियों में जिस तरह अपना व्यवसाय खड़ा किया है, वह अन्य लड़कियों और महिलाओं के लिए प्रेरणादायक है। प्रशासन का यह दौरा न केवल बहनों के लिए संबल बना, बल्कि यह संदेश भी दे गया कि आत्मनिर्भर बेटियों के साथ पूरा प्रशासन मजबूती से खड़ा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved