इंदौर न्यूज़ (Indore News)

पूरा शहर राममय, सुबह से ही निकली शोभायात्राएं

कल दिनभर कई क्षेत्रों और बाजारों में निकलती रही शोभायात्राएं, भजन संध्याओं का दौर

इंदौर। अयोध्या में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा को लेकर शहरभर के मंदिर रोशनी से नहाए हुए हैं। दिनभर अलग-अलग क्षेत्रों से शोभायात्राएं निकलती रहीं, वहीं कई व्यापारिक संगठनों ने भी इसमें बढ़-चढक़र हिस्सा लिया। शहर के कई स्थानों पर भजन संध्या के साथ-साथ राम नाम कीर्तन के आयोजन भी हुए।


सीतलामाता बाजार, मारोठिया बाजार, गोराकुंड से लेकर मालवा मिल, पाटनीपुरा व्यापारिक संघों ने अपने-अपने क्षेत्रों में शाम को शोभायात्राएं निकालीं, जिनमें बड़ी संख्या में व्यापारियों के साथ-साथ फुटकर व्यापारी भी शामिल हुए। वहीं राजबाड़ा क्षेत्र में कल शाम को एक साथ अलग-अलग क्षेत्रों से पांच से सात शोभायात्राएं पहुंचीं तो यातायात पुलिस को अलग-अलग मोर्चों पर मैदान संभालना पड़ा। अन्नपूर्णा, बिजासन, खजराना गणेश मंदिर, हरसिद्धि से लेकर महालक्ष्मी मंदिर और गोपाल मंदिर में आकर्षक विद्युत साज-सज्जा की गई थी। वहीं शहर के अन्य प्रसिद्ध और प्राचीन देवस्थानों पर भी मंदिरों पर जगमगाहट देखते ही बनती है। जबरन कालोनी, भंवरकुआं सहित कई क्षेत्रों में शाम को भजन संध्या के आयोजन हुए और कई जगह भंडारे भी आयोजित किए गए। देर रात तक कई मंदिरों में राम नाम जाप चलते रहे।


शहर में रामभक्तों का जागरण, सजी गलियां, घरों के बाहर बनाई रंगोली

भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव को ऐतिहासिक बनाने के लिए कल रातभर में इंदौरियों ने जागरण कर घरों के बाहर सडक़ पर रंगोली बनाई। गलियां साडिय़ों से सज गईं। पलासिया, राजबाड़ा सहित कई स्थानों पर जश्न मना।

जश्न मनाने के मामले में इंदौरी किसी से कम नहीं दिखते हैं, फिर चाहे वह क्रिकेट में भारत की पाकिस्तान पर जीत हो या फिर अन्य कोई भी मामला हो। वर्तमान में पूरा देश राममय दिखाई दे रहा है। इसी जश्न को आज दीपावली से दोगुने उत्साह से मनाने के लिए कल रात इंदौर की जनता ने जागरण किया। कल पलासिया में देर रात चौराहा पर भव्य आतिशबाजी कार्यक्रम हुआ, जिसमें हजारों की संख्या में शहरवासियों ने शिरकत की और माहौल भगवान राम के जयकारों से राममय बना दिया। महू नाका पर भी रहवासियों ने एकत्र होकर भव्य आतिशबाजी की। बड़ी संख्या में रामभक्त शहर के हृदय स्थल राजबाड़ा पहुंचे और जय-जय श्रीराम के नारों से पूरा माहौल राममय कर दिया। शहर की अलग-अलग कालोनी, मोहल्लों में सुबह 4 बजे तक लोगों ने अपने घरों के बाहर रंगोली बनाई।

केसरिया ध्वज पताकाओं से सज गई चोइथराम मंडी

प्रदेश की सबसे बड़ी फल एवं सब्जी मंडी के नाम से जानी जाने वाली चोइथराम मंडी राममय हो गई। केसरिया ध्वज पताकाओं के साथ भगवान राम दरबार के कटआउट मंडी में जगह-जगह लगे हैं। वहीं मुख्य द्वार पर विशाल कटआउट सबको अपनी ओर आकर्षित कर रहा है।

सोमवार सुबह 9 बजे चोइथराम मंडी के सब्जी मंडी एरिया में सब्जेश्वर महादेव मंदिर में महाआरती की गई। इसके बाद आलू-प्याज मंडी में सामूहिक आरती हुई। मंदिर परिसरों की बेहद ही आकर्षक व मनमोहक साज-सज्जा के लिए दर्शनार्थियों का तांता लगा हुआ है। आलू मंडी के अध्यक्ष ओमप्रकाश गर्ग, त्रिलोकसिंह तंवर, दुर्गाप्रसाद तोमर, अरुण पाटीदार, सब्जी मंडी से सुंदरदास मखीजा, नवीन नितिन बागड़ी, कमल चौधरी, अरविंद हार्डिया ने बताया कि अयोध्या में हो रहे भगवान राम की प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव पर देशभर में उत्साह है। एक सप्ताह से इंदौर की मंडी में भी साज-सज्जा और लाइटिंग सजाई गई थी। केसरिया पताकाओं से मंडी परिसर दुल्हन की तरह सज गया है। अरविंद हार्डिया ने बताया कि मंडी परिसर में रविवार शाम को सामूहिक सुंदरकांड का आयोजन भी देर रात तक किया गया। सुबह महाआरती की गई। दोपहर में करीब 10 से 12 हजार श्रद्धालुओं के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई है। कल शाम से ही प्रसादी बनाने में 50 से ज्यादा लोगों की टीम जुटी हुई है।

Share:

Next Post

पटाखा बाजार गुलजार, 7 दिन में 10 करोड़ के पटाखे खरीदे इंदौरियों ने

Mon Jan 22 , 2024
शाम को होगी जमकर आतिशबाजी, दुकानों पर पटाखों की शार्टेज इंदौर। तीज-त्योहार, उत्सव मनाने में इंदौर हमेशा आगे ही रहा है। अयोध्या में हो रहे भगवान राम की प्रतिमा प्राण-प्रतिष्ठा महोत्सव का नजारा इंदौर में राममय हो गया है। आज शाम आतिशबाजी भी खूब होगी। पटाखों की अस्थायी दुकानों से दिवाली जैसी खरीदारी हुई है। […]