
- निर्माण एजेंसियों को प्रशासन ने दिया 20 जून तक का समय-देरी हुई तो होगी सीधे कार्रवाई
उज्जैन। महाकाल की पहली सवारी से पहले सवारी मार्ग का चौड़ीकरण हर हाल में पूरा करने के निर्देश निर्माण एजेंसियों को दिए हैं। इसके लिए 20 जून का समय तय किया गया है। इस काम में देरी होने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
संभागायुक्त आशीष सिंह ने विगत दिवस आयोजित बैठक में स्पष्ट कहा कि 3 अगस्त को निकलने वाली बाबा महाकाल की पहली सवारी से पहले हरसिद्धि की पाल से रामघाट तक का चौड़ीकरण कार्य 20 जुलाई तक हर हाल में पूरा किया जाए। समयसीमा या गुणवत्ता में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदारों और संबंधित अधिकारियों पर सीधे कार्रवाई होगी। इस दौरान कलेक्टर रौशन कुमार सिंह और नगर निगम आयुक्त अभिलाष मिश्रा ने निर्माण एजेंसियों और विभागीय इंजीनियरों के साथ कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। संभागायुक्त ने कहा कि श्रावण मास में लाखों श्रद्धालु महाकाल की सवारी देखने उज्जैन पहुंचेंगे, इसलिए सवारी मार्ग पूरी तरह सुरक्षित, चौड़ा और व्यवस्थित होना चाहिए। उन्होंने निर्देश दिए कि सवारी मार्ग पर कहीं भी खुली नालियां, गड्ढे या अधूरा निर्माण नहीं दिखना चाहिए। हरसिद्धि की पाल-रामघाट मार्ग के अलावा ढाबा रोड, कंठाल से सतीगेट, छोटा सराफा, टंकी चौराहा, सत्यनारायण मंदिर, वीडी क्लॉथ मार्केट, निकास चौराहा, खजूरवाली मस्जिद, केडी गेट और जूना सोमवारिया सहित अन्य मार्गों के चौड़ीकरण कार्य में भी तेजी लाई जाए। संभागायुक्त ने कहा कि बारिश के कारण काम प्रभावित न हो, इसके लिए जरूरत पडऩे पर मुरम बिछाई जाए, जल निकासी की समुचित व्यवस्था रहे और समय पर काम पूरा करने के लिए रात्रिकालीन शिफ्ट में भी निर्माण कराया जाए। साथ ही निर्माण कार्य के दौरान श्रमिकों की सुरक्षा करने और सुरक्षा उपकरणों का अनिवार्य उपयोग करने के निर्देश भी दिए गए।