आचंलिक

सिरोंज-लटेरी के पर्यटन स्थलों को सुंदर बनाने के लिए डेढ़ करोड़ की राशि हुई मंजूर

  • अधिकारियों ने विधायक के साथ लिया जायजा

सिरोंज। विधानसभा चुनाव से पहले क्षेत्र को विकास कार्यों की सौगात दिलाने के लिए क्षेत्रीय विधायक उमाकांत शर्मा के द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। विगत दिनों पहले नगर के सीवेज सिस्टम को सुधारने के लिए नगरी प्रशासन विभाग का अमला आया था इस पहले शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के विकास के लिए करोड़ों रुपए से होने वाले निर्माण कार्यों के लिए स्वीकृत कराई थी अब क्षेत्र के पर्यटन सिरोंज एवं लटेरी के धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों पर पर्यटन विभाग के माध्यम से सौंदर्यकरण के लिए विधायक के विशेष प्रयासों से स्वीकृत हुए विकास कार्यो का अवलोकन करने के लिए मंगलवार को पर्यटन विभाग अधिकारियों ने विधायक के साथ स्थलों का निरीक्षण कर के कौन-कौन से कार्य हो सकते हैं उसके बारे में देखा।
पर्यटन विभाग से करीब डेढ़ करोड़ की राशि स्वीकृत हुई जिसे सिरोंज के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल देवपुर सहित सियाराम बाबा की आश्रम स्थली आमझिर, , बड़ी मदागन लटेरी में तीर्थ यात्रियों के विश्राम हेतु शेड निर्माण सहित फर्श निर्माण, लाइटिंग, बैठने के लिए कुर्सी ओर शौचालयों आदि का निर्माण शामिल है। विधायक उमाकांत शर्मा ओर पर्यटन विभाग के मुख्य कार्यपालन यंत्री ब्रजेश तिवारी ने विभाग के इंजीनियरों की टीम के साथ प्रसिद्ध तीर्थ स्थल देवपुर पहुँचकर मंदिर के सामने प्रस्तावित मैदान में विशाल शेड निर्माण स्थल का अवलोकन किया। टीम ने यहाँ पूर्व मंत्री स्व. लक्ष्मीकांत शर्मा द्वारा पूर्व में पर्यटन विभाग के माध्यम से कराए गए कार्यो का भी अवलोकन किया। इस मौके पर विधायक उमाकान्त शर्मा ने यात्रियों की सुविधा के लिए अनेक दिनों से देखरेख के अभाव में क्षतिग्रस्त हो रहे सार्वजनिक शौचालय के रिनोवेशन कराने के भी निर्देश दिए। यह करीब 55 लाख रु. के विकास कार्य विभाग के माध्यम से होना है। इसके बाद दल में शामिल अधिकारियों ने लटेरी तहसील के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल आमझिर ओर बड़ी मदागन का दौरा किया। यहाँ महंत श्री पुरुषोत्तम दास जी त्यागी के मार्गदर्शन में विधायक उमाकांत शर्मा ने अपनी कार्ययोजना से अधिकारियों को अवगत कराया।



यहाँ मंदिर प्राँगण में करीब 16 लाख से अधिक राशि से दिवस बसेरा शेड एवं शौचालय का निर्माण किया जाएगा। यहाँ उन्होंने प्राचीन दूधिया कुंड की बाउंड्री को ठीक कराने के भी निर्देश दिए। इसी प्रकार बड़ी मदागन मंदिर परिसर में करीब 53 लाख की लागत से बनने वाले दिवस बसेरा शेड एवं अन्य विकास कार्यों की कार्ययोजना से अवगत कराया। इस मौके पर पर्यटन विभाग के दल से विधायक उमाकांत शर्मा ने इन स्थलों पर भविष्य में नागरिकों की सुविधाओ के विस्तार हेतु पर्यटन विभाग के अधिकारियों से कार्ययोजना भी तैयार करने निर्देशित किया। उल्लेखनीय है कि पूर्व में विधायक उमाकान्त शर्मा में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं पर्यटनमंत्री सुश्री उषा ठाकुर से सिरोंज के धार्मिक एवं पर्यटन की दृष्टि से ऐतिहासिक स्थलों पर महत्वपूर्ण पर्वो एवं त्योहारों पर उमडऩे वाली श्रद्धालुओं की भीड़ को सुविधाएं प्रदान करने की दृष्टि से विकास कार्य कराए जाने हेतु प्रस्ताव सौपकर मांग की थी जिस पर कार्यवाही करते हुए पर्यटन विभाग से राशि मंजूर हुई है ।

Share:

Next Post

वेदांत आश्रम में होगी श्रीराम कथा व शिवमहापुराण

Wed Nov 9 , 2022
गंजबासौदा। जीवजीपुर स्थित वेदांत आश्रम में आगामी माह के 4 दिसम्बर से ग्यारह दिवसीय श्रीराम कथा का आयोजन व 6 दिसंबर से 9 दिवसीय लक्ष्मीनारायण यज्ञ का भव्य आयोजन होगा साथ ही फरवरी माह की 8 तारीख से सात दिवसीय श्री शिव महापुराण का भव्य आयोजन किया जायेगा सम्पूर्ण आयोजन द्वाराचार्य काशी पीठाधीशवर श्री रामकमल […]