भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

जनजाति महिलाओं को मिला 2300 लाख का आहार अनुदान भत्ता

  • मुख्यमंत्री ने कहा गरीबों के कल्याण के लिए सुविधाएं देना हमारी प्राथमिकता

भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि धरती पर उपलब्ध संसाधनों पर सभी का अधिकार है। गरीबों के कल्याण के लिए सभी सुविधाएँ उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता है। राज्य सरकार प्रतिबद्धता से कार्य करते हुए गरीबों के हित में अनेक योजनाएँ चला रही है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आहार अनुदान योजना में पोषण भत्ते के रूप में विशेष पिछड़ी जनजाति सहरिया, बैगा और भारिया के 2 लाख 33 हजार 570 परिवार की महिला मुखियाओं के खातों में 23 करोड़ 35 लाख 70 हजार रूपये सिंगल क्लिक से अंतरित कर संबोधित कर रहे थे। इन महिलाओं के व्यक्तिगत खातों में सितम्बर माह की एक-एक हजार रूपये की राशि अंतरित की गई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विशेष पिछड़ी जनजाति सहरिया, बैगा और भारिया की बहनों का स्वास्थ्य ठीक रखने और पोषण के लिए आहार अनुदान योजना वर्ष 2017 से प्रारंभ की गई। तब से राज्य सरकार द्वारा प्रति माह पोषण आहार के लिए एक-एक हजार रूपये की राशि बहनों के खातों में अंतरित की जा रही है। उन्होंने कहा कि मैं बहनों का भाई हूँ और बेटियों का मामा हूँ, इसलिए आपका पूरा ध्यान रखना मेरा कत्र्तव्य है। गरीब परिवार के बच्चों के लिए नि:शुल्क शिक्षा, राशन, आवास और स्वास्थ्य के लिए भरपूर सुविधाएँ उपलब्ध कराई जा रही हैं।


जनजाति वर्ग के 260 बच्चों ने पास की जेईई, नीट और क्लेट की परीक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में जनजाति वर्ग के 260 बच्चे जेईई, नीट और क्लेट की परिक्षा में सफल हुए हैं। ये बच्चे पढ़-लिख कर निश्चित ही बड़े पदों पर पहुँचेंगे। इन बच्चों की सफलता के पीछे उनका परिश्रम और विभाग द्वारा दिया गया मार्गदर्शन प्रमुख है। सफल हुए विद्यार्थियों की फीस मामा भरवाएगा, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों की शिक्षा के लिए नि:शुल्क पाठ्य पुस्तकें, साइकल, गणवेश, छात्रवृत्ति आदि की सुविधाएँ राज्य सरकार द्वारा प्रदान की जा रही हैं। उच्च शिक्षा की पढ़ाई के लिए भी भरपूर मदद की जा रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में विभिन्न स्थानों पर कौशल एवं सांस्कृतिक केंद्र खोलने का कार्य किया जा रहा है, जिससे बच्चों की प्रतिभा में वृद्धि होगी।

Share:

Next Post

मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना में चलेंगी 10 नई ट्रेन

Tue Sep 13 , 2022
25, 26 सितंबर और 6 अक्टूबर को रवाना होंगी भोपाल। प्रदेश सरकार मुख्यमंत्री तीर्थ-दर्शन योजना के तहत 10 नई ट्रेन चलाने जा रही हैं। नर्मदापुरम से अयोध्या-वाराणसी-काशी, खंडवा से द्वारिका-सोमनाथ और नीमच से वाराणसी-अयोध्या की ट्रेन 25 सितंबर को जायेगी। उमरिया से रामेश्वरम और छतरपुर से जगन्नाथपुरी की ट्रेन 26 सितंबर को तीर्थ-यात्रियों को लेकर […]