
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (American President Donald Trump) और यौन शोषण के अपराधी जेफरी एपस्टीन (Jeffrey Epstein.) के बीच कई तरह के दावों से बवाल मच चुका है। अब वॉशिंगटन डीसी में नए तरीके का विरोध देखने को मिल रहा है। दरअसल, शहर में बड़ी संख्या में मीडिया की मौजूदगी है और उस बीच, वॉशिंगटन हिल्टन होटल की बाहरी दीवारों पर प्रदर्शनकारियों ने वीडियोज और ऑडियोज चलाए, जिसमें ट्रंप और जेफरी एपस्टीन की तस्वीरें थीं। इसमें पीछे ऑडियो भी चल रहा था, जिसमें दोनों के बीच के ईमेल पढ़कर सुनाए जा रहे थे।
दीवारों पर दिखाए जा रहे ट्रंप और एपस्टीन के वीडियोज और फोटोज को देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। वे दीवार पर प्रोजेक्टर से दिखने वाली तस्वीरों को बड़े गौर से देख रहे थे। दरअसल, वॉशिंगटन में हुए विरोध प्रदर्शन इस वजह से भी खास है, क्योंकि यहां व्हाइट हाउस को कवर करने वाले तमाम पत्रकारों की मौजूदगी है। उनके लिए डिनर आयोजित किया गया है, जिसमें व्हाइट हाउस कवर करने वाले रिपोर्टर, अन्य पॉलिटिकल लीडर्स और अहम हस्तियां शामिल हो रहीं।
ट्रंप इस डिनर प्रोग्राम में पहली बार शामिल हो रहे हैं। वह अमेरिका की मीडिया की लगातार आलोचना करते आए हैं और कई चैनलों व पत्रकारों को खुले मंच से फेक न्यूज कहते रहते हैं। कई पत्रकार अपने सवालों से भी ट्रंप को असहज कर चुके हैं, जिससे उन्हें अमेरिकी राष्ट्रपति की नाराजगी का सामना करना पड़ता है।
चर्चा में रहे ट्रंप और एपस्टीन संबंध
बता दें कि ट्रंप और एपस्टीन के बीच 1990 के दशक में सामाजिक संपर्क और पार्टी सर्किल के जरिए जान-पहचान हुई थी। दोनों को कई बार साथ में सार्वजनिक आयोजनों और तस्वीरों में देखा गया और फिर जब बाद में एपस्टीन का नाम बाल शोषण के अपराधी के तौर पर सामने आया तो ट्रंप पर भी कई आरोप लगे। हालांकि, इन आरोपों को ट्रंप ने खारिज कर दिया और कहा कि उनका एपस्टीन से संबंध टूट गया था और वे उससे दूरी बना चुके थे। एपस्टीन पर नाबालिग लड़कियों के शोषण के गंभीर आरोप लगे, जिनकी जांच में कई प्रभावशाली लोगों के नाम सामने आए। ट्रंप पर इस मामले में कोई आपराधिक आरोप सिद्ध नहीं हुआ, लेकिन उनके पुराने संबंधों को लेकर चर्चा होती रही।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved