
वॉशिंगटन। अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप (American President Donald Trump) ने ईरान (Iran) को लेकर एक बार फिर सख्त बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अमेरिका (America) दुनिया का सबसे शक्तिशाली सैन्य देश है और जरूरत पड़ने पर वह किसी भी स्थिति में बड़ा एक्शन लेने में सक्षम है। ट्रंप ने ईरान को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि परमाणु समझौते पर सहमति नहीं बनती है तो हालात और ज्यादा गंभीर हो सकते हैं।
अमेरिका सबसे ताकतवर देश- ट्रंप
डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि अमेरिका के पास दुनिया की सबसे मजबूत सेना है और हाल ही में हुई घटनाओं ने यह साबित भी किया है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका ने कई मामलों में त्वरित कार्रवाई कर स्थिति को नियंत्रित किया है। ट्रंप ने यह भी कहा कि अगर सही समय पर कदम नहीं उठाए जाते तो बड़ा नुकसान हो सकता था।
ट्रंप ने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि ईरान ने एक अहम मशीन को निशाना बनाया, जिसे लेकर शुरुआत में इनकार किया गया, लेकिन बाद में उन्होंने स्वीकार कर लिया। उन्होंने कहा कि यह स्थिति गंभीर हो सकती थी, लेकिन सौभाग्य से बड़ा हादसा टल गया और संबंधित लोग सुरक्षित बचा लिए गए।
ईरान से परमाणु डील की अपील
ट्रंप ने दावा किया कि वह पिछले कई महीनों से ईरान के साथ समझौते की कोशिश कर रहे हैं और ईरान को ऐसा डील स्वीकार करनी चाहिए, जो उन्हें परमाणु हथियार हासिल करने से पूरी तरह रोकती हो। उन्होंने कहा कि यह एक बेहतर और जरूरी समझौता होगा, लेकिन ईरान लगातार इसे टालता आ रहा है। ट्रंप के अनुसार, यदि ईरान इस समझौते को स्वीकार करता है तो यह क्षेत्रीय स्थिरता के लिए बेहद महत्वपूर्ण होगा।
अपने बयान में ट्रंप ने पाकिस्तान का भी उल्लेख किया और दावा किया कि उन्होंने पाकिस्तान के कहने पर ईरान को छूट दी। इसके अलावा उन्होंने कहा की कि भारत और पाकिस्तान के बीच संभावित संघर्ष को रोकने में भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि अगर समय पर हस्तक्षेप नहीं होता तो स्थिति और गंभीर हो सकती थी।
पश्चिम एशिया में तबाही रोकना जरूरी- ट्रंप
ट्रंप ने आगे कहा कि ईरान के पास यदि परमाणु हथियार होते तो पश्चिम एशिया, इस्राइल और वैश्विक सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा पैदा हो सकता था। उन्होंने कहा कि अमेरिका लगातार इस क्षेत्र में कार्रवाई कर रहा है और जरूरत पड़ने पर आगे भी सख्त कदम उठाएगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि ईरान समझौते को गंभीरता से नहीं ले रहा है और समय को टाल रहा है। ट्रंप ने कहा कि अमेरिका पहले भी कई बार स्थिति को संभाल चुका है, लेकिन अब और देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved