इंदौर न्यूज़ (Indore News)

डेस्टिनेशन वेडिंग में भी लोगों की पसंद बन रहा उज्जैन…

  • मालवा का खाना और संस्कृति बनी लोगों की पसंद… मेट्रो सिटी से भी आ रहे लोग

इंदौर। इन दिनों डेस्टिनेशन वेडिंग को लेकर देश में जबरदस्त आकर्षण बढ़ा है। बड़े बजट की डेस्टिनेशन वेडिंग ज्यादातर राजस्थान, गोवा, केरल में हो रही है तो छोटे बजट वाले मध्यप्रदेश में ही मांडू, महेश्वर जैसी लोकेशन को पसंद कर रहे हैं। विदेश में अब भी पहली पसंद वेंडिंग हॉटस्पॉट माने जाने वाले थाईलैंड, श्रीलंका और उससे ऊपर यूरोप है, लेकिन इन सबसे आगे भारत के नक्शे पर श्री महाकाल महालोक निर्माण के बाद तेजी से उभरा उज्जैन है। कई लोगों की डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए पहली पसंद महाकाल नगरी उज्जैन बन रही है।

श्री महाकाल महालोक के निर्माण के बाद बढ़े धार्मिक पर्यटन ने यहां हॉस्पिटैलिटी इंडस्ट्री को उड़ान दी है, जिसका नतीजा ये हुआ है कि उज्जैन और आसपास कई नए रिसोर्ट का निर्माण तेजी से हुआ है, जिसके चलते यहां इस साल डेस्टिनेशन वेडिंग की मांग भी बढ़ी है। डेस्टिनेशन वेडिंग को लेकर ट्रेवल एजेंसी की भावना जादौन का कहना है कि उज्जैन लोगों के लिए बजट फ्रेंडली भी है और साथ ही इंदौर एयरपोर्ट से नजदीक भी है, जिसके चलते लोग यहां आना चाहते हैं। दूसरा सबसे बड़ा कारण मालवा का स्वाद (खाना) और संस्कृति भी है, जो लोगों को यहां खींच रही है। इंदौर के भी कुछ लोग यहां से उज्जैन शादी के लिए जा रहे हैं। इंदौर से जाने वालों की पसंद गोवा, उदयपुर, जोधपुर, जयपुर, रणथंभौर जैसे शहर हैं।


लाखों से पैकेज बढक़र करोड़ों तक
जादौन के अनुसार डेस्टिनेशन पर वेडिंग के लिए लोग 20 लाख रुपए से लेकर करोड़ों तक खर्च कर रहे हैं। बाहर जाने के लिए पूरी फ्लाइट से लेकर विशेष चार्टर तक बुक किए जाते हैं। केवल यहां के लोग ही डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए बाहर नहीं जा रहे हैं, बल्कि मेट्रो सिटी से भी कई लोग इंदौर और आसपास डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए आ रहे हैं। इसका कारण मेट्रो सिटी की तुलना में यहां खर्च कम होना है। वहीं यहां की संस्कृति और खान-पान है।

पर्यटन विकास निगम की प्रॉपर्टी भी मशहूर
पर्यटन विकास निगम की प्रॉपर्टी भी डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए मशहूर है। इंदौर रीजन के अंतर्गत आने वाले महेश्वर में सबसे ज्यादा डेस्टिनेशन वेडिंग होती है। इसके बाद मांडू और फिर उज्जैन। ओंकारेश्वर को भी कुछ लोगों ने डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए चुना है। पर्यटन विकास निगम के अधिकारियों के अनुसार उनकी प्रॉपर्टी में डेस्टिनेशन वेडिंग के लिए कम से कम 5 लाख रुपए से अधिकतम 15 लाख रुपए तक का बजट अब तक गया है।

Share:

Next Post

अंजू अपने बच्चों को ले जाना चाहती है पाकिस्तान, जानें क्या हैं कानूनी अड़चनें

Sat Dec 2 , 2023
नई दिल्ली: अपने फेसबुक मित्र नसरुल्ला से मिलने के लिए पाकिस्तान (Pakistan) जाने और बाद में उससे शादी करने के कारण सुर्खियों में आई भारतीय महिला अंजू (Anju Returned India) इस हफ्ते की शुरुआत में वाघा सीमा से देश लौट आई. अंजू अब इस्लाम अपनाने के बाद फातिमा नाम से जानी जाती है. 29 नवंबर […]