देश मध्‍यप्रदेश

उमा भारती सात नवंबर से पूरे प्रदेश में करेंगी भ्रमण, जानिए क्या है कारण

भोपाल। मध्य प्रदेश में शराबबंदी को लेकर पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती ने बड़ा ऐलान किया है। भाजपा की तेजतर्रार नेत्री उमा भारती ने कहा कि वह सात नवंबर को देव दीपावली से किसी भी भवन या घर में नहीं रहेंगी। वे प्रदेश में 14 जनवरी 2023 तक भ्रमण करेंगी। इस दौरान नदी किनारे या किसी पेड़ के नीचे या अनुचित या निषिद्ध स्थान पर शराब की दुकान या अहाते के सामने टेंट लगाकर छोटी-सी चौपाल लगाएंगी।

पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती का भ्रमण अमरकंटक से प्रारंभ होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा या परिक्रमा नहीं होगी। पूर्व मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति अभियान की शुरुआत पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की जमकर प्रशंसा भी की।

यह बताया भ्रमण का कारण
प्रदेश में बीजेपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नशामुक्ति अभियान शुरू किया है, इसके बाद भी भ्रमण क्यों? इस पर उमा भारती ने कहा कि मेरे इस निर्णय के पीछे का कारण अभी हाल ही में बंद किए गए कुछ अहाते एवं दुकानों का उदाहरण है। मुख्यमंत्री एवं मुझे सूचित किया गया कि अमुक दुकान एवं फलां अहाते बंद कर दिए गए हैं जबकि वह खुले रहे। या उनको इतना समय मिल गया कि वे कोर्ट से स्टे ले आएं और मैं हंसी का पात्र बनकर ठगी-सी रह गई।


उमा भारती ने कहा कि यही कारण है कि अब आगे ऐसा ना हो एवं मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार जागरुकता का अभियान चले एवं नियंत्रित शराब वितरण व्यवस्था मध्यप्रदेश में लागू हो। मेरे इस अभियान से मुख्यमंत्री की घोषणा पर अमल करने के लिए लगे हुए सरकारी अमले सजग रहेंगे, भूल नहीं करेंगे। खासकर विधि विभाग स्टे का मौका नहीं देगा। नई शराब नीति प्रदेश में नशा रोकने के अनुरूप तैयार हो। उन्होंने कहा कि नौ लाख लोगों की जिंदगी, भविष्य बचाने के लिए मेरे दो महीने की यह साधना मुझे धन्य करेगी।

यहां पर न हो शराब की दुकानें
उमा भारती ने कहा कि प्रदेश का नशामुक्ति अभियान देश के लिए मॉडल बनेगा। उन्होंने कहा कि सरकार को शराब से राजस्व के विकल्प तलाशने चाहिए। उन्होंने कहा कि वे पूर्ण शराबबंदी के पक्ष में हैं। नई शराबनीति में किस पैमाने पर संतुष्ट होने के सवाल पर उन्होंने कहा कि मंदिर, मस्जिद, गुरुद्वारा, स्कूल-कॉलेज, महिलाओं के एकत्रित होने की जगह, मजदूरों की बस्तियों के आसपास शराब की दुकानें न हों। दुर्घटनाएं शराब पीकर वाहन चलाने से होती हैं, जिनमें लोगों की जान जाती है। अहाते बंद होने चाहिए। या शराब पीने के बाद गाड़ी चलाने वालों पर सख्त कार्रवाई होना चाहिए।

भ्रमण किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं
उमा भारती ने उनके विरोधियों को जवाब देते हुए कहा कि मुझे सियासी जमीन तलाशने की जरूरत नहीं हैं। मुख्यमंत्री ने खुद मुझे दो बार चुनाव लड़ने का अवसर दिया। मैंने खुद मना कर दिया। तिरंगे की शान के लिए मुख्यमंत्री का पद त्याग दिया था। यह भ्रमण किसी राजनीतिक लाभ के लिए नहीं चलेगा। पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मैं इस अभियान के लिए जीवन की आहूति देने को तैयार हूं। जिस राज्य में अभियान चलाया वहां बीजेपी की सरकार बनेगी।

Share:

Next Post

शेयर मार्केट में इस हफ्ते टूटा गिरावट का सिलसिला, 1 फीसदी से अधिक बढ़ा बाजार

Sat Oct 8 , 2022
मुंबई: शेयर मार्केट में इस हफ्ते केवल 4 दिन ही कारोबार हुआ. बाजार में इस काफी अच्छी बढ़त देखने को मिली. हालांकि, काराबोरी हफ्ते के आखिरी मार्केट कुछ गिरावट के साथ जरूर बंद हुआ लेकिन ओवरऑल ये हफ्ता मार्केट के लिए अच्छा रहा. सेंसेक्स इस हफ्ते 1.33 फीसदी उठकर 58191 पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी […]