
इंदौर। इंदौर में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला गांधी नगर इलाके का है, जहां नैनोद मल्टी में देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक घर को निशाना बनाते हुए जमकर पथराव कर दिया। इस पूरी घटना से इलाके में दहशत का माहौल बन गया। खास बात ये है कि बदमाशों की ये करतूत सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसके आधार पर पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुटी है।
गांधी नगर की नैनोद मल्टी में हुई इस घटना ने एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। सीसीटीवी फुटेज में साफ देखा जा सकता है कि कुछ बदमाश बेखौफ होकर मल्टी के सामने पहुंचते हैं और अचानक पत्थर बरसाना शुरू कर देते हैं। इस अचानक हुए हमले से रहवासी घबरा गए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि वायरल सीसीटीवी फुटेज को अहम साक्ष्य मानते हुए आरोपियों की पहचान की जा रही है। फुटेज को क्लियर कर बदमाशों के चेहरे पहचानने की कोशिश की जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved