जयपुर। राजस्थान के रणथंभौर टाइगर रिजर्व (Ranthambore Tiger Reserve) से वन्यजीव प्रेमियों के लिए खुशखबरी सामने आई है। करीब आठ वर्षीय बाघिन T-125 (सिद्धि) मां बन गई है। वन विभाग के फोटो ट्रैप कैमरे में बाघिन की एक नन्हे शावक के साथ तस्वीर कैद हुई है। इस तस्वीर के सामने आने के बाद वन विभाग और वन्यजीव प्रेमियों में खुशी का माहौल है। बाघिन के मां बनने को रणथंभौर में बाघों की आबादी बढ़ने के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दरअसल, रणथंभौर टाइगर रिजर्व में वन्यजीवों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए अलग-अलग क्षेत्रों में फोटो ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की नियमित निगरानी के दौरान बाघिन सिद्धि की तस्वीर सामने आई, जिसमें वह अपने नन्हे शावक के साथ नजर आ रही है। तस्वीर में शावक की मौजूदगी से वन विभाग के अधिकारियों में उत्साह है।
करीब आठ साल की सिद्धि का यह दूसरा प्रसव है। फिलहाल कैमरा ट्रैप में एक ही शावक दिखाई दिया है। वन विभाग की टीम लगातार कैमरों से प्राप्त तस्वीरों की निगरानी कर रही है। आने वाले दिनों में नई तस्वीरों के आधार पर शावकों की वास्तविक संख्या का पता चल सकेगा। विभाग फिलहाल शावकों की संख्या को लेकर कोई जल्दबाजी में दावा नहीं कर रहा है।
रणथंभौर टाइगर रिजर्व के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि बाघिन और उसके शावकों की सुरक्षा को लेकर वन विभाग सतर्क है। फील्ड टीम फोटो ट्रैप कैमरों के माध्यम से उनकी गतिविधियों पर लगातार नजर रख रही है। इसका उद्देश्य बाघिन और शावकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ उनके प्राकृतिक आवागमन में किसी तरह की बाधा नहीं आने देना है।
उन्होंने बताया कि विभाग की प्राथमिकता बाघिन और उसके शावकों को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए जरूरी निगरानी और संरक्षण संबंधी उपाय किए जा रहे हैं।
रणथंभौर में बढ़ रहा बाघों का कुनबा
दीपावली के अवसर पर रणथंभौर से आई यह खबर वन्यजीव संरक्षण के लिहाज से भी उत्साहजनक है। बाघिन सिद्धि के शावक के साथ नजर आने से टाइगर रिजर्व में बाघों की नई पीढ़ी के आने की पुष्टि हुई है। अब वन्यजीव प्रेमियों और वन विभाग की नजरें आने वाले दिनों में कैमरा ट्रैप में कैद होने वाली तस्वीरों पर टिकी हैं। इनसे पता चल सकेगा कि सिद्धि ने कुल कितने शावकों को जन्म दिया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved