
लखनऊ. बसपा सुप्रीमो (BSP Supremo) मायावती (Mayawati) ने परिवार और पार्टी संगठन को लेकर एक बार फिर बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने कहा कि आकाश आनंद (Akash Anand) और उनकी बहन दीपिका (Deepika) को अब पार्टी की कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। इसके साथ ही अपने भाई आनंद कुमार के परिवार से केवल ईशान आनंद (Ishan Anand) को ही पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी देकर आगे बढ़ाने का एलान किया।
मायावती ने सोशल मीडिया पर जारी पोस्ट में कहा कि उन्होंने अपने अनुभवों को ध्यान में रखते हुए नजदीकी रिश्ते-नातों के मोह से ऊपर उठकर काम करने का फैसला किया है। बसपा संस्थापक कांशीराम ने भी अपने रिश्तेदारों को राजनीतिक लाभ देने से दूरी बनाए रखी। अपना जीवन बहुजन समाज के हित के लिए समर्पित किया।
आनंद कुमार के आग्रह पर आकाश को राजनीति में आगे बढ़ाया
मायावती ने लिखा कि कांशीराम से प्रेरित होकर उन्होंने भी अपना पूरा जीवन बहुजन समाज के लिए समर्पित किया। उनके मुताबिक, एक महिला होने के कारण उन्हें अपने किसी न किसी भाई-बहन को साथ रखना पड़ा। इसी क्रम में उनके छोटे भाई आनंद कुमार लंबे समय से उनकी सेवा में कार्यरत हैं।
मायावती ने कहा कि आनंद कुमार के विशेष आग्रह पर उनके बड़े बेटे आकाश आनंद को राजनीति में आगे किया गया। हालांकि, शादी के बाद आकाश आनंद के रवैये और गतिविधियों के कारण उन्हें पार्टी से अलग करना पड़ा। आकाश आनंद अब अपने ससुर अशोक सिद्धार्थ के प्रभाव में हैं और उन्हें दोबारा पार्टी में लेना पार्टी के साथ विश्वासघात होगा।
आकाश की बहन को भी जिम्मेदारी नहीं देने का फैसला
मायावती ने कहा कि आनंद कुमार के परिवार से किसे पार्टी में आगे किया जाए, इसको लेकर वह पिछले कुछ समय से दुविधा में थीं। अब गंभीर विचार के बाद उन्होंने फैसला लिया है कि परिवार के ऐसे किसी सदस्य को ही आगे किया जाएगा, जो आकाश आनंद के नक्शेकदम पर न चले।
उन्होंने यह भी कहा कि आगे चलकर आकाश आनंद की बहन की मदद लेने का सवाल भी उनके सामने था, लेकिन शादी के बाद उनका मामला भी आकाश आनंद जैसा निकला तो यह पार्टी हित में उचित नहीं होगा। इसलिए आकाश आनंद और उनकी बहन को पार्टी की किसी भी जिम्मेदारी से दूर रखा जाएगा और इस फैसले में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा।
ईशान आनंद को पार्टी में जिम्मेदारी देने की बात
मायावती ने कहा कि आकाश आनंद और उनकी बहन के स्थान पर आनंद कुमार के परिवार से केवल ईशान आनंद को पार्टी में सम्मानजनक जिम्मेदारी देकर आगे किया जाएगा। उन्होंने हालांकि यह भी स्पष्ट किया कि भविष्य में यदि ईशान ने पार्टी विरोधी कोई गंभीर कृत्य किया तो उन्हें भी पार्टी से बाहर कर दिया जाएगा।
ऐसी स्थिति में आनंद कुमार के परिवार के किसी अन्य सदस्य को पार्टी की छोटी-बड़ी कोई जिम्मेदारी नहीं दी जाएगी। इसके बजाय पार्टी में कार्यरत दलित वर्ग के किसी मिशनरी और वफादार कार्यकर्ता को आगे बढ़ाने की बात मायावती ने कही।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved