
प्रतापगढ़. उत्तर प्रदेश (UP) के प्रतापगढ़ (Pratapgarh) में गुरुवार तड़के एक दर्दनाक हादसा (Tragic accident) हो गया. लगातार बारिश के बीच नगर कोतवाली क्षेत्र के महुली मोहल्ले में करीब 100 साल पुराना जर्जर मकान (100-year-old house collapses) अचानक भरभराकर गिर गया. हादसे के समय मकान के एक कमरे में सो रहा पूरा परिवार मलबे में दब गया.
एक ही कमरे में सो रहे छह लोगों की मौत
जानकारी के मुताबिक, हादसे में एक ही परिवार के छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया. घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
बताया जा रहा है कि कमरे में एयर कंडीशनर (एसी) लगा होने की वजह से परिवार के सभी सदस्य उसी कमरे में सो रहे थे. इसी दौरान जर्जर मकान ढह गया और सभी लोग मलबे में दब गए.
मृतकों में दो मासूम भी शामिल
मृतकों में परिवार के माता-पिता, बेटा, बहू और दो मासूम बच्चे शामिल हैं. हादसे की सूचना मिलते ही सीओ समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंच गया. पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव कार्य चलाया गया और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकाला गया.
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, यह मकान करीब 100 साल पुराना और काफी जर्जर था. लगातार हो रही बारिश के कारण इसकी दीवारें कमजोर हो गई थीं, जिसके चलते यह हादसा हुआ. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच की जा रही है.
रात दो बजे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार महुली गांव निवासी प्रमोद श्रीवास्तव का मकान काफी पुराना और जर्जर हालत में था। गुरुवार तड़के करीब दो बजे अचानक मकान भरभराकर गिर गया. घटना के समय परिवार के लोग घर के अंदर सो रहे थे. मकान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग जाग गए और मौके पर पहुंचे. ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस और प्रशासन को सूचना दी. थोड़ी ही देर में पुलिस टीम, फायर ब्रिगेड और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गया. पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में दबे लोगों को निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved