खेल

मुंबई की टीम का हिस्सा बनने को लेकर बहुत उत्साहित हूं : अर्जुन तेंदुलकर

नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर ने कहा है कि वह बचपन से मुंबई इंडियंस के बहुत बड़े प्रशंसक रहे हैं और इस क्लब में शामिल होने के लिए उत्साहित हैं।

मुंबई इंडियंस के ट्विटर हैंडल पर शेयर किए गए इस वीडियो में अर्जुन ने कहा, “बचपन से ही मैं मुंबई इंडियंस का बहुत बड़ा प्रशंसक रहा हूं। मैं इसके बाद कोच, टीम मालिकों और सपॉर्ट स्टाफ का मुझमें भरोसा जताने के लिए शुक्रिया अदा करना चाहूंगा।”

बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने आगे कहा, “मैं मुंबई पल्टन की टीम का हिस्सा बनने को लेकर बहुत उत्साहित हूं और ब्लू गोल्ड जर्सी पहनने का इंतजार कर रहा हूं।”


आईपीएल 2021 नीलामी में मुंबई ने अर्जुन को उनके 20 लाख रुपये के आधार मूल्य में खरीदा। अर्जुन ने 14 फरवरी को मुंबई में 73वें पुलिस आमंत्रण शील्ड क्रिकेट टूर्नामेंट के ग्रुप ए मुकाबले में 31 गेंदों में नाबाद 77 रनों की पारी खेली थी और 41 रन देकर तीन विकेट भी झटके थे।

उन्होंने स्पिन गेंदबाज हाशिर दाफेदार के एक ही ओवर में पांच छक्के जड़े थे। 21 वर्षीय अर्जुन ने अपनी शानदार पारी के दौरान पांच चौके और आठ छक्के लगाए थे। अर्जुन के प्रदर्शन की बदौलत एमआईजी क्रिकेट क्लब ने इस्लाम जिमखाना को 194 रनों से करारी शिकस्त दी थी। अर्जुन ने हाल में सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में खेलकर मुंबई की सीनियर टीम में पदार्पण किया था।

अर्जुन तेंदुलकर को उनके कौशल के आधार पर चुना गया है : माहेला जयवर्धने
मुंबई इंडियंस के मुख्य कोच माहेला जयवर्धने ने कहा कि अर्जुन तेंदुलकर को उनके कौशल के आधार पर चुना गया है। पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन को गुरुवार को आईपीएल की मिनी नीलामी में मुंबई इंडियंस ने 20 लाख रुपये में खरीदा।

जयवर्धने ने कहा कि मुंबई इंडियंस के साथ अर्जुन के लिए सीखने की प्रक्रिया कड़ी होगी। श्रीलंका के पूर्व कप्तान ने यह भी कहा कि 21 वर्षीय बाएं हाथ के मध्यम गति के तेज गेंदबाज समय के साथ और सीखेंगे और अपने खेल में सुधार करेंगे।

उन्होंने कहा, “हमने विशुद्ध रूप से कौशल के आधार पर अर्जुन का चयन किया है। मेरा मतलब है कि सचिन की वजह से अर्जुन के ऊपर एक बड़ा टैग होने वाला है। लेकिन, सौभाग्य से, वह एक गेंदबाज है, बल्लेबाज नहीं। इसलिए मुझे लगता है कि सचिन यह सोचकर बहुत गौरवान्वित होंगे कि काश वह भी अर्जुन की तरह गेंदबाजी कर सकते।”

उन्होंने आगे कहा, “मुझे लगता है कि यह अर्जुन के लिए सीखने की प्रक्रिया है। उन्होंने अभी-अभी मुंबई और फ्रेंचाइजी के लिए खेलना शुरू किया है। हमें उन्हें समय देना होगा। हम अभी उन पर बहुत अधिक दबाव नहीं डालेंगे।”

अर्जुन आईपीएल 2020 के दौरान मुंबई इंडियंस के नेट गेंदबाज भी थे। वह गुरुवार को आईपीएल नीलामी में खरीदे जाने वाले अंतिम खिलाड़ी थे।

Share:

Next Post

Sidhi Hadsa : सीधी बस हादसे में मृतकों की संख्या 53 हुई, दो शव और मिले

Fri Feb 19 , 2021
सीधी। 16 फरवरी को हुए बस हादसे में अब मृतकों की संख्या 53 पहुंच गई है। जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह से एनडीआरएफ टीम के साथ मौजूद है। रेस्क्यू टीम के लिए आई मिलिट्री फोर्स वापस चली गई है। यह शव रीवा जिले के शिल्पकार नहर में मिलना बताया गया है। शव की […]