
उज्जैन। उज्जैन (Ujjain) के उर्दूपुरा क्षेत्र में शनिवार को पुराने मकान को तोड़ने के दौरान अचानक दीवार गिर गई। हादसे में वहां काम कर रहे तीन मजदूर घायल हो गए। इनमें दो पुरुष और एक महिला शामिल हैं। जानकारी के मुताबिक मकान को डिस्मेंटल करने का काम चल रहा था। इसी दौरान पुरानी दीवार अचानक ढह गई और उसकी चपेट में आने से मजदूरों को चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने आवाज सुनकर मौके पर पहुंचकर घायलों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में गोविंद के पैर में, राजू के हाथ में, जबकि महिला मजदूर के हाथ-पैर और पंजे में हल्की चोट बताई गई है। तीनों को उपचार के लिए अस्पताल के इमरजेंसी विभाग में भर्ती कराया गया। डॉक्टर विजय बाबू के मुताबिक तीनों की हालत फिलहाल स्थिर है। घायलों को कुछ फ्रैक्चर और मामूली चोटें आई हैं। किसी बड़ी जनहानि की सूचना नहीं है। घायल मजदूरों को उनके पड़ोसी मुकेश भाटी अस्पताल लेकर पहुंचे। बताया गया कि तीनों मजदूर रतलाम जिले के रहने वाले है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved