
उज्जैन। सिंहस्थ की तैयारियों के बीच शहर में चल रहे सड़क और चौड़ीकरण के काम अब जलप्रदाय व्यवस्था पर भी असर डाल रहे हैं। सिंहस्थ बायपास पर सड़क निर्माण के दौरान गंभीर बांध से शहर तक पानी पहुंचाने वाली मुख्य राइजिंग मेन लाइन क्षतिग्रस्त हो गई। इससे बड़ी मात्रा में पानी बहा और शहर की कई टंकियां पूरी क्षमता से नहीं भर सकीं। इसका असर अलग-अलग क्षेत्रों के जलप्रदाय पर पिछले एक सप्ताह से पड़ रहा है।
निर्माण के दौरान पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की यह पहली घटना नहीं है। सड़क खुदाई के दौरान कई जगह छोटी-बड़ी लीकेज की स्थिति बनी, जिन्हें लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने सुधारकर जलप्रदाय बहाल किया। हालांकि मुख्य राइजिंग लाइन में लीकेज होने से समस्या का दायरा बढ़ गया, क्योंकि यही लाइन शहर की जलप्रदाय व्यवस्था की प्रमुख कड़ी है। लीकेज और टंकियां पूरी नहीं भर पाने से 22 सितंबर को उत्तर क्षेत्र में जलप्रदाय प्रभावित हुआ। 26 सितंबर को वृंदावनपुरा, जूना सोमवारिया, गढ़कालिका और भैरव टंकी क्षेत्र में पानी की समस्या रही। 28 सितंबर को महावीर नगर सहित उत्तर क्षेत्र के कुछ हिस्सों में जलप्रदाय नहीं हो सका। इसके अलावा कल भी कई इलाकों में जलप्रदाय की समस्या आई। पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की सूचना मिलने पर लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग ने तत्काल सुधार कार्य शुरू किया। विभाग का कहना है कि निर्माण एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर काम किया जा रहा है। जहां भी पाइप लाइन में लीकेज सामने आता है, वहां प्राथमिकता से सुधार कर जलप्रदाय बहाल किया जा रहा है। इधर, इस साल बारिश कम होने से गंभीर बांध में भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंचा है। ऐसे में जलप्रदाय व्यवस्था पहले से दबाव में है। इस स्थिति में मुख्य राइजिंग लाइन में बार-बार लीकेज होने से पानी की बर्बादी के साथ शहर की टंकियों को भरने में भी बाधा आ रही है।