देश भोपाल न्यूज़ (Bhopal News) मध्‍यप्रदेश

मप्र में फिर बदला मौसम का मिजाज, कई जगह हुई बारिश

भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में एक बार फिर मौसम का मिजाज (weather patterns) बदल गया है। रविवार को प्रदेश के कई इलाकों में बारिश हुई। इस दौरान रीवा और उमरिया में 2-2 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। इसके अलावा मलजखंड, जबलपुर, ग्वालियर, सतना, शिवपुरी और खजुराहो में कहीं-कहीं बारिश हुई। बारिश के चलते प्रदेश गर्मी के तेवर भी नरम पड़ गए हैं। अधिकतम तापमान 44 के नीचे आ गया है। रविवार को सबसे ज्यादा सिवनी में 43.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा प्रदेशभर में यह 43 से नीचे ही रहा। भोपाल में 40.8, इंदौर में 37.7, जबलपुर में 38.5 और ग्वालियर में अधिकतम पारा 41.7 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के अधिकांश इलाकों में यह 41 के नीचे आ गया है।


मौसम विभाग के अनुसार, अगले 24 घंटे में भोपाल समेत प्रदेश के 12 जिलों में बारिश की संभावना है। कुछ शहरों में गरज-चमक के साथ तेज हवाएं भी चल सकती हैं। इंदौर में 24 मई तक हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुसार, सोमवार से पश्चिमी विक्षोभ (पाकिस्तान से आ रही हवाएं) एक्टिव हो जाएगा। इसका प्रभाव पूरे प्रदेश पर रहेगा। इससे तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है।

भोपाल मौसम केन्द्र के वरिष्ठ वैज्ञानिक पीके साहा ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में बने साइक्लोन के कारण मानसून की गतिविधियां बढ़ गईं। इससे मानसून अंडमान निकोबार में समय से पहले आ गया। इससे ही अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से नमी आने लगी है। इधर, पाकिस्तान से हवाओं के आने के कारण बारिश की गतिविधियां बढ़ गई हैं। प्रदेश भर में बादल आने से सूरज की तपिश भी कम हुई है।

उन्होंने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ उत्तरी पाकिस्तान के ऊपर चक्रवातीय गतिविधियों के रूप में ट्रफ के साथ है। पश्चिमोत्तर राजस्थान के ऊपर अन्य चक्रवात सक्रिय है, जिससे होकर पूर्व-पश्चिम ट्रफ हरियाणा, उत्तरप्रदेश, बिहार और असम तक फैला है। रायलसीमा क्षेत्र में चक्रवातीय गतिविधियां अभी भी सक्रिय हैं।

भोपाल, रीवा, सागर, चंबल, जबलपुर, कटनी, उमरिया, बालाघाट, अनूपपुर, शहडोल, ग्वालियर, दतिया और शिवपुरी में अगले 24 घंटों के दौरान हल्के बादल और गरज-चमक हो सकती है। अगले 24 घंटे में हल्की बौछारें पड़ सकती हैं। तीन से चार दिन तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश के आसार हैं। पिछले 24 घंटे में भिंड, श्योपुर कलां, शिवपुरी, मुरैना, ग्वालियर, दतिया, गुना, कटनी, पन्ना, उमरिया, बालाघाट, रीवा, सतना, सीधी, दमोह, शहडोल, सागर, अमरकंटक और बांधवगढ़ में हल्की बारिश हुई है।

मानसून के केरल तट तक 27-28 मई तक पहुंचने की संभावना है। इस स्थिति में यह मध्यप्रदेश में 13 से 15 जून के बीच आ जाएगा। 20 जून तक पूरे प्रदेश में एक्टिव हो सकता है। इस बार इंदौर-उज्जैन में सामान्य और भोपाल, नर्मदापुरम, ग्वालियर-चंबल और जबलपुर में सामान्य से ज्यादा बारिश होने की संभावना है। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

डिजिटल इंडिया अभियान का विस्तार

Mon May 23 , 2022
– डॉ. दिलीप अग्निहोत्री चालीस करोड़ जनधन खातों के साथ शुरू हुआ डिजिटल इंडिया अभियान निरंतर प्रगति पर है। इसके पहले नई दिल्ली से भेजे गए सौ पैसों में से अंतिम स्तर तक मात्र पन्द्रह पैसे पहुंचते थे। यह कथन देश के एक प्रधानमंत्री का था। उन्हीं की पार्टी के नेतृत्व में दस वर्ष तक […]