रायपुर/दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक महिला से तंत्र-मंत्र (Black magic) के नाम पर डर पैदा कर और शेयर मार्केट में भारी मुनाफे का लालच (Greed) देकर करीब 85 लाख रुपये की कथित ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के बाद पुलिस ने मध्य प्रदेश के इंदौर से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच जारी है और पुलिस यह भी पता लगा रही है कि आरोपी ने अन्य लोगों को भी इसी तरह निशाना बनाया था या नहीं।
पुलिस के अनुसार, भिलाई नगर निवासी महिला की कुछ समय पहले रायपुर में पवन बधोरिया नामक व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। आरोपी ने महिला से दावा किया कि उसके परिवार पर संकट है और पति व बेटी की समस्याओं का समाधान विशेष पूजा-पाठ, तंत्र-मंत्र और अनुष्ठान के जरिए किया जा सकता है।
धीरे-धीरे आरोपी ने महिला का विश्वास जीत लिया और फिर एक नया प्रस्ताव रखा। उसने खुद को शेयर मार्केट में निवेश का जानकार बताते हुए कम समय में कई गुना मुनाफा दिलाने का भरोसा दिया।
जांच के मुताबिक, महिला ने आरोपी के कहने पर अलग-अलग चरणों में उसके बताए बैंक खातों में बड़ी रकम ट्रांसफर की। कुछ राशि नकद भी दी गई। इस तरह कुल लेन-देन करीब 85 लाख रुपये तक पहुंच गया।
जब महिला ने निवेश पर मुनाफा या अपनी मूल रकम वापस मांगी तो आरोपी लगातार टालमटोल करने लगा। इसके बाद महिला को अपने साथ कथित धोखाधड़ी होने का एहसास हुआ और उसने पुलिस से शिकायत की।
महिला की शिकायत पर भिलाई नगर थाने में मामला दर्ज किया गया। दुर्ग पुलिस और साइबर सेल ने तकनीकी जांच के आधार पर आरोपी की लोकेशन मध्य प्रदेश के इंदौर में ट्रेस की। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां पहुंचकर पवन बधोरिया को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर दुर्ग लाया गया, जहां अदालत में पेश करने के बाद उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
सीएसपी सत्य प्रकाश तिवारी के अनुसार, आरोपी ने महिला को तंत्र-मंत्र के जरिए परिवार की समस्याएं दूर करने का भरोसा दिया और बाद में शेयर मार्केट में निवेश के नाम पर बड़ी रकम हासिल कर ली। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी और जबरन वसूली (एक्सटॉर्शन) समेत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया है।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी फिलहाल बेरोजगार है और स्वयं को तंत्र-मंत्र से जुड़ा व्यक्ति बताता था।
पुलिस अब आरोपी के बैंक खातों, मोबाइल फोन और वित्तीय लेन-देन की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाया जा रहा है कि क्या उसने इसी तरह का तरीका अपनाकर अन्य लोगों से भी ठगी की है। यदि ऐसे और मामले सामने आते हैं तो जांच का दायरा बढ़ाया जाएगा।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि तंत्र-मंत्र, चमत्कार, बीमारी दूर करने के दावों या कम समय में भारी मुनाफा दिलाने जैसे प्रलोभनों से सतर्क रहें। किसी भी निवेश से पहले उसकी वैधता की जांच करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved