इंदौर न्यूज़ (Indore News)

वोट के लिए महिलाओं ने लिया पिंक वोटेथॉन में भाग

  • कलेक्टर भी पत्नी के साथ हुए शामिल… महिलाओं को दिलाई मतदान की शपथ
  • निगमायुक्त ने भी लगाई महिलाओं के साथ दौड़

इंदौर (Indore)। विधानसभा चुनाव 2023 में स्वीप प्लान के तहत मतदान के लिए जागरूकता लाने के अभियान वार्ड स्तर के साथ ही शहर स्तर पर भी चलाए जा रहे हैं। हर काम में अव्वल रहने वाले इंदौर के मतदाताओं से भी अपील की जा रही है कि मतदान में भी इंदौर जिले को नंबर वन बनाने के लिए सहभागिता दें। इसके लिए आज सुबह नेहरू स्टेडियम से डेली कॉलेज तक एक ‘पिंक वोटेथॉन’ का आयोजन किया गया, जिसमें इंदौर की विभिन्न महिलाओं के ग्रुप से जुड़ी महिलाओं और युवतियों ने भाग लिया।

हल्की ठंड में जुम्बा के बाद कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी और निगमायुक्त ने सभी उपस्थित महिलाओं को मतदान की शपथ दिलाई, जिसके बाद फ्लैग ऑफ कर पिंक वोटेथॉन को रवाना किया गया। इसमें करीब 300 महिलाएं शामिल हुईं। ये वोटेथॉन नेहरू स्टेडियम से डेली कॉलेज तक गई और वापस नेहरू स्टेडियम लौटी। इस अवसर पर अपर आयुक्त दिव्यांक सिंह, मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ अखिलेश उपाध्याय सहित अन्य अधिकारी भी उपस्थित रहे। कलेक्टर डॉ. इलैया राजा टी और निगमायुक्त हर्षिका सिंह ने बताया कि 17 नवंबर को मतदाताओं की अधिक से अधिक सहभागिता को देखते हुए स्वीप प्लान के तहत शहर में विभिन्न आयोजन किए जा रहे हैं। आज शाम मतदाताओं से अपील करने के लिए राजबाड़ा पर दिव्यांग बालिकाएं रंगोली भी बनाएंगी। वार्ड स्तर पर भी कई अलग-अलग तरह के कार्यक्रमों के साथ ही नुक्कड़ नाटक भी किए जा रहे हैं।

बालिकाओं ने किया नृत्य
पिंक वोटेथॉन से पहले नाद नमन संस्था की बालिकाओं ने वोट की अपील के लिए नृत्य की प्रस्तुति भी दी। पिंक वोटेथॉन में शहर के विभिन्न महिला संगठन, स्कूल, कॉलेज, इंस्टिट्यूट और अन्य शैक्षणिक संस्थाओं की महिलाएं एवं छात्राएं उपस्थित रहीं। इसके अलावा शिवाजी वाटिका चौराहे से जायन्ट्स ग्रुप आफ इंदौर के तत्वावधान में एक साइकिल रैली का आयोजन भी हुआ, जो इंदौर नगर निगम सीमा से बीस किलोमीटर आगे तक गई, जिसमें कलेक्टर भी शामिल हुए।

चला सेल्फी का दौर
इस वोटेथॉन में महिलाओं और युवतियों का उत्साह तो देखते ही बन रहा था कि हर कोई कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी और निगमायुक्त हर्षिका सिंह के साथ सेल्फी लेना चाहता था। कई महिलाओं और युवतियों ने दोनों अधिकारियों के साथ सेल्फी तो ली। कई ने ग्रुप फोटो लेकर भी इस पल को यादगार बनाया। इस मौके पर कलेक्टर डॉ इलैया राजा टी की पत्नी भी शामिल हुईं।

Share:

Next Post

9 विधानसभाओं में युवाओं के लिए अलग से बनेंगे यूथ बूथ

Sun Nov 5 , 2023
दिव्यांगों के लिए तो 700 पिंक बूथ इंदौर (Indore)। 9 विधानसभाओं में युवाओं को आगे लाने के लिए चुनाव आयोग के निर्देश पर यूथ बूथ खोले जाएंगे। आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी क ो निर्देशित किया है कि युवाओं के लिए मतदान केंद्र की अलग से व्यवस्था की जाए, वहीं दिव्यांगों के लिए भी 9 […]