
लुधियाना: पंजाब के लुधियाना जिले से घरेलू हिंसा और पति की क्रूरता का एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया. अपनी सैलून संचालक पत्नी से ज्यादा कमाई का ताना देकर पहले थार और फिर महंगी स्पोर्ट्स बाइक की दहेज में मांग करने वाले पति ने सरेआम सड़क पर महिला को बेरहमी से पीटा. आरोपी ने महिला के बाल पकड़कर उसे सड़क पर पटका और लातों से हमला कर दिया. इस पूरी दर्दनाक घटना का वीडियो पास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गया है. जगतपुरी पुलिस चौकी की पुलिस ने पीड़िता की शिकायत और फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है.
पुलिस में दर्ज शिकायत के अनुसार, पीड़िता और आरोपी के रिश्ते का ब्योरा इस प्रकार है. पीड़िता की पहचान 28 वर्षीय ट्विंकल के रूप में हुई है, जो समराला चौक स्थित अपना सैलून चलाती हैं. ट्विंकल की पिछली शादी से उनका एक सात साल का बेटा भी है. पहले तलाक के केस की सुनवाई के दौरान उनकी मुलाकात चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े रितिश शर्मा से हुई थी. दोनों में दोस्ती हुई और नवंबर 2025 में दोनों ने शादी कर ली तथा जस्सियां ग्रीन एन्क्लेव में रहने लगे.
शादी के महज तीन महीने बाद ही आरोपी पति ने दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया था. पति रितिश शर्मा यह ताना देकर थार SUV की मांग करता था कि “जब तू मुझसे ज्यादा कमाती है तो मेरे लिए थार क्यों नहीं खरीद सकती?” पहले हुए विवाद को मध्यस्थों के जरिए सुलझा लिया गया था. कुछ समय बाद आरोपी ने महंगी स्पोर्ट्स मोटरसाइकिल की मांग शुरू कर दी. घटना वाले दिन बाइक की मांग पर घर में बहस इतनी बढ़ गई कि ट्विंकल जान बचाने के लिए पड़ोसियों के घर की ओर भागीं.
आरोपी पति पीछा करते हुए सड़क पर पहुंचा और हैवानियत पर उतर आया. सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि आरोपी ने सड़क पर ही ट्विंकल को थप्पड़ मारा, बाल पकड़कर सड़क पर पटका और बेदर्दी से लातें मारना शुरू कर दिया. महिला की दर्दनाक चीखें सुनकर आसपास के पड़ोसी तुरंत अपने घरों से बाहर आए और बीच-बचाव कर पीड़िता को आरोपी के चंगुल से छुड़ाया.
घटना के बाद पीड़िता ने तुरंत पुलिस स्टेशन पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई. पीड़िता ने जगतपुरी पुलिस चौकी में लिखित शिकायत दर्ज कराकर सबूत के तौर पर CCTV फुटेज पुलिस के हवाले कर दिया. हैबोवाल थाना प्रभारी (SHO) इंस्पेक्टर जसवीर सिंह के अनुसार, पुलिस को पीड़िता की मेडिको-लीगल रिपोर्ट का इंतजार है. रिपोर्ट और उपलब्ध फुटेज के आधार पर आरोपी के खिलाफ सख्त आपराधिक धाराओं में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved