
इंदौर। शहर के आसमान पर छाए बादल पिछले दो दिनों से मेहरबान नजर आ रहे हैं। कल भी इंदौर सहित जिले के कई हिस्सों में अच्छी बारिश हुई, जिससे गर्मी और उमस से राहत मिली। एयरपोर्ट स्थित मौसम केंद्र पर 0.6 इंच बारिश दर्ज की गई, जबकि जिले में सबसे ज्यादा 1.7 इंच पानी सांवेर में गिरा। गौतमपुरा में भी एक इंच से ज्यादा वर्षा हुई। इसके साथ ही जिले में औसत बारिश का आंकड़ा 0.9 इंच रहा।
मौसम विभाग के अनुसार आज भी शहर और आसपास के क्षेत्रों में अच्छी बारिश की संभावना बनी हुई है। सुबह से आसमान पर बादलों का डेरा है, जिससे धूप नहीं निकली और मौसम में ठंडक घुली हुई है। मौसम विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों में सांवेर में 1.7 इंच, गौतमपुरा में 1.1 इंच, हातोद में 0.9 इंच, इंदौर और देपालपुर में 0.6-0.6 इंच तथा महू में 0.3 इंच बारिश दर्ज की गई। जिले में कुल औसत वर्षा 0.9 इंच रही। दिन और रात का तापमान भी गिरा- विमानतल स्थित मौसम केंद्र के अनुसार कल दिन का अधिकतम तापमान 33.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 1 डिग्री और परसों की अपेक्षा 0.8 डिग्री कम था। वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2 डिग्री और कल की अपेक्षा 2.5 डिग्री कम था। जून में अब तक जिले में औसतन 3.2 इंच बारिश दर्ज की जा चुकी है। मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटों में भी इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश हो सकती है। इंदौर एयरपोर्ट के साथ ही शहर के मध्य में रीगल स्थित वेदर मॉनीटरिंग स्टेशन और शहर के पूर्वी क्षेत्र में स्थित कृषि महाविद्यालय मौसम केंद्र पर भी पिछले 24 घंटे में करीब आधा इंच बारिश दर्ज की गई। हालांकि मानसून सीजन की कुल बारिश की बात करें तो विमानतल क्षेत्र सबसे आगे चल रहा है।
पिछले 24 घंटे में बारिश (इंच में)
सांवेर 1.7
गौतमपुरा 1.1
हातोद 0.9
इंदौर एयरपोर्ट 0.6
देपालपुर 0.6
महू 0.3
अब तक इंदौर 2.9 इंच
औसत वर्षा 3.2 इंच
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved