
उज्जैन। साल के सबसे गर्म महीने कहे जाने वाले मई की शुरुआत हो चुकी है, लेकिन पिछले अप्रैल महीने में गर्मी में पिछले 5 सालों का रिकार्ड तोड़ दिया था और पारा 43 डिग्री तक चला गया था। वहीं इस वर्ष में अब तक केवल 10 मिमी बारिश दर्ज हुई है। जबकि पिछले साल इसके मुकाबले अधिक बारिश हुई थी। हालांकि इस बार भी अगले कुछ दिनों में हल्की बारिश की संभावना जताई जा रही है। यह बारिश गर्मी से तपते शहर को राहत देने के साथ ही गिरते भूजल स्तर को संभालने में भी मदद करती है।
वेधशाला से मिली जानकारी के मुताबिक उज्जैन में सबसे ज्यादा गर्मी पिछले 5 वर्षों में इस वर्ष अप्रैल के महीने में देखी गई। 25 अप्रैल को उज्जैन में पारा 43 डिग्री पर जा पहुंचा था, जो उज्जैन का बीते 5 वर्षों का सर्वाधिक तापमान है। मौसम विभाग के अनुसार मई माह में औसत अधिकतम तापमान 40.4 डिग्री सेल्सियस रहता है, वहीं औसत न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री तक जाता है। शहर में इस माह में अक्सर गर्म हवाएं लू की स्थिति भी बनाती हैं। इस माह में बारिश भी देखने को मिलती है। उज्जैन में मई माह की औसत वर्षा 13.4 मिलीमीटर है। मई में मौसम बदलने से कभी-कभी तापमान में काफी गिरावट भी देखने को मिलती है।
पिछले साल बारिश ने तोड़ा था 140 साल पुराना रिकॉर्ड
मौसम विभाग के रिकार्ड के मुताबिक मई में सर्वाधिक बारिश का रिकार्ड पिछले साल 8.2 इंच के रूप में दर्ज किया गया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड 140 साल पूर्व वर्ष 1886 के नाम दर्ज था। तब उज्जैन में मई माह में सवा चार इंच बारिश रिकार्ड की गई थी। हालांकि 24 घंटों में सर्वाधिक बारिश का रिकॉर्ड अब भी 1886 के पास ही है। 29 मई 1886 को 24 घंटे में करीब चार इंच बारिश हुई थी।
पिछले 5 सालों में 2022, 2025 और 2026 रहे सबसे गर्म
वेधशाला के अनुसार पिछले 5 सालों में 2022, 2025 और 2026 सबसे ज्यादा गर्म रहा है। 2022 में 9 अप्रैल को अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री रिकार्ड हुआ जबकि पिछले साल 2025 में 18 अप्रैल को 42.8 डिग्री अधिकतम तापमान रहा। वहीं इस साल 25 अप्रैल को यह 43 डिग्री तक पहुंचा। वहीं 2023 में सबसे कम अधिकतम तापमान 40 डिग्री रिकार्ड किया गया था। पिछले 5 सालों में सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान 2021 में 24 अप्रैल की रात 23 डिग्री के रूप में दर्ज किया गया था।
कल भी 40.5 डिग्री पर रहा पारा
वेधशाला स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक कल दिन का अधिकतम तापमान 40.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.5 डिग्री और परसों की अपेक्षा 0.5 डिग्री अधिक था, वहीं रात से सुबह के बीच न्यूनतम तापमान आज सुबह 26 डिग्री रहा, जो सामान्य लेकिन कल की अपेक्षा 2 डिग्री अधिक था। इस दौरान हवाओं की दिशा पश्चिमी रही और अधिकतम रफ्तार 10 किलोमीटर प्रतिघंटे तक पहुंची। वेधशाला अधीक्षक के अनुसार कल से अगले कुछ दिन शहर में बादल छाने के साथ ही हल्की बारिश देखने को मिल सकती है। इससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved