नई दिल्ली। दिल्ली के रामलीला मैदान (Ramlila Maidan) में एक नवंबर को एसआईआर और मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विपक्षी दलों (opposition parties) की रैली में शामिल नहीं होने पर युवा कांग्रेस (Youth Congress) ने आठ राज्यों के कम से कम 215 पदाधिकारियों को निलंबित कर दिया है। इनमें मध्य प्रदेश के सर्वाधिक 60 पदाधिकारी शामिल हैं। कार्रवाई को लेकर संगठन के भीतर नाराजगी सामने आई है। निलंबित पदाधिकारियों ने बिना नोटिस कार्रवाई करने और पुराने कार्यकर्ताओं की उपेक्षा का आरोप लगाया है।
सोशल मीडिया पर युवा कांग्रेस की ओर से कार्रवाई की जानकारी साझा की गई। द ट्रिब्यून की रिपोर्ट के मुताबिक मध्य प्रदेश के 60, गुजरात के 49, झारखंड के 32, पश्चिम बंगाल के 26, तेलंगाना के 14 और हिमाचल प्रदेश के 13 पदाधिकारियों को निलंबित किया गया है। इनमें पांच उपाध्यक्ष, 14 महासचिव और 32 सचिव शामिल हैं। युवा कांग्रेस पदाधिकारियों के अनुसार अगले नोटिस तक निलंबन प्रभावी रहेगा।
निलंबित पदाधिकारियों ने पार्टी में पुराने कार्यकर्ताओं की अनदेखी का आरोप लगाते हुए कहा कि अब नेहा बोरा को अधिक तवज्जो दी जा रही है।
गडकरी ने कांग्रेस पर साधा निशाना
इधर, केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने गुरुवार को नागपुर में भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ अभियान को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार चुनावी हार से निराश कांग्रेस देश में अराजकता पैदा करने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता अब कांग्रेस पर कभी भरोसा नहीं करेगी।
गडकरी ने आपातकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार ने देश में आपातकाल लगाकर नागरिकों के मौलिक अधिकार छीन लिए थे। उस दौरान राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के तहत लोगों को जेलों में बंद किया गया और कई लोकतांत्रिक संस्थाओं पर कड़े प्रतिबंध लगाए गए थे।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक ताकत का दुरुपयोग, भ्रामक प्रचार और लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमले करने से कांग्रेस को जनता का समर्थन वापस नहीं मिलेगा। गडकरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ कांग्रेस नेताओं, विशेषकर पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की भाषा पर भी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जिस कांग्रेस ने आपातकाल के दौरान लोगों के मौलिक अधिकार छीनने का पाप किया, वही आज लोकतंत्र की रक्षा की बात कर रही है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved