
भोपाल। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh ) में बीते 24 घंटों के दौरान कोरोना के 29 नये मामले (29 new cases of corona in last 24 hours) सामने आए हैं, जबकि 22 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त हुए हैं। इसके बाद राज्य में संक्रमितों की कुल संख्या 10 लाख 53 हजार 910 हो गई है। हालांकि, राहत की बात है कि राज्य में लगातार 17वें दिन कोरोना से कोई मौत नहीं हुई। यह जानकारी स्वास्थ्य विभाग द्वारा सोमवार देर शाम जारी कोविड-19 बुलेटिन में दी गई। एक दिन पहले राज्य में 25 नये संक्रमित मिले थे।
कोविड-19 बुलेटिन के अनुसार, आज प्रदेशभर में 4,692 सेम्पलों की जांच रिपोर्ट प्राप्त हुई। इनमें 29 पॉजिटिव और 4,663 सेम्पल निगेटिव पाए गए, जबकि 19 सेम्पल रिजेक्ट हुए। पॉजिटिव प्रकरणों का प्रतिशत (संक्रमण की दर) 0.6 रहा। नये मामलों में भोपाल में 11, इंदौर में 5, सीहोर में 4, जबलपुर में 3, रायसेन में 2 तथा बालाघाट, बैतूल, नरसिंहपुर और शिवपुरी में 1-1 व्यक्ति संक्रमित मिले हैं, जबकि राज्य के 43 जिलों में कोरोना के नये मामले शून्य रहे। राहत की बात है कि राज्य में आज कोरोना से कोई मौत नहीं हुई। यहां 17 दिन से मृतकों की कुल संख्या 10,770 पर स्थिर है।
प्रदेश में अब तक कुल दो करोड़ 99 लाख 67 हजार 997 लोगों के सेम्पलों की जांच की गई। इनमें कुल 10,53,910 प्रकरण पाजिटिव पाए गए। इनमें 10,42,905 मरीज कोरोना संक्रमण से मुक्त होकर अपने घर पहुंच चुके हैं। इनमें से 22 मरीज सोमवार को स्वस्थ हुए। अब यहां सक्रिय प्रकरणों की संख्या 228 से बढ़कर 235 हो गई। हालांकि, खुशी की बात यह भी है कि राज्य के 27 जिले अब भी पूरी तरह कोरोना संक्रमण से मुक्त हैं। इन जिलों में अब कोरोना का एक भी सक्रिय मरीज नहीं है।
इधर, प्रदेश में 12 सितंबर को शाम छह बजे तक 42 हजार 202 लोगों का टीकाकरण किया गया। इन्हें मिलाकर राज्य में अब तक वैक्सीन के 13 करोड़, 05 लाख, 15 हजार 881 डोज लगाई जा चुकी है। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved