
– अब तक 19 होटल की गई सील, निगम ने 25 को दिए थे नोटिस
– हॉस्टल के खिलाफ कार्रवाई करने में निगम की रुचि नहीं
इंदौर। नगर निगम (Municipal council) द्वारा महालक्ष्मी नगर (Mahalakshmi Nagar) क्षेत्र में आवासीय प्लाट (residential plots) पर बनी तीन और होटल (hotels) सील कर दी गई है। इसके साथ ही अब तक 19 होटल सील करने की कार्रवाई इस क्षेत्र में की गई है। निगम द्वारा यहां 25 होटल को नोटिस दिए गए थे। आवासीय प्लाट पर बने हुए हॉस्टल पर कार्रवाई करने में निगम की रुचि नहीं है।
नगर निगम के झोन नंबर 8 के वार्ड क्रमांक 37 के महालक्ष्मी नगर और चिकित्सक नगर में फिर तीन होटल नगर निगम ने सील कर दी है। आवासीय अनुमति पर बने भवनों में यह होटलें संचालित हो रही थीं। कल निगम की टीम ने होटल न्यू आरके महालक्ष्मी नगर, होटल एकोदिया चिकित्सक नगर व होटल गोल्डन स्टाफ चिकित्सक नगर को सील किया है। इसके पूर्व भी इसी क्षेत्र में स्कीम नंबर 94 सेक्टर ईबी में 16 होटलों को नगर निगम ने सील किया था। इस तरह से अब तक कुल 19 होटल सील करने की कार्रवाई की गई है। क्षेत्रीय पार्षद संगीता महेश जोशी ने बताया कि उक्त कार्रवाई से क्षेत्र के रहवासियों को राहत मिली है, लेकिन प्रमुख कार्रवाई अभी की जाना शेष है।
उन्होंने बताया कि नगर निगम द्वारा इस क्षेत्र में 25 होटल को नोटिस दिए गए थे। इसमें से 19 को सील कर दिया गया है, जबकि 6 होटल को सील करने की कार्रवाई बाकी है। इसमें खासतौर पर लोगों के निवास वाले क्षेत्र में बीच में चल रही होटल पर कार्रवाई जरूरी है, क्योंकि वहां पर बहुत सारे अनैतिक काम होते हैं, जिसके चलते हुए क्षेत्र का वातावरण खराब होता है। उन्होंने बताया कि निगम द्वारा 39 हॉस्टल को भी नोटिस दिए गए थे। यह सभी हॉस्टल भी आवासीय प्लाट पर चल रहे हैं। इनमें से अभी किसी के भी खिलाफ निगम द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
बाकी क्षेत्रों पर ध्यान क्यों नहीं ?
विधायक महेंद्र हार्डिया के द्वारा विधानसभा में यह मुद्दा उठाए जाने के कारण नगर निगम के द्वारा इस क्षेत्र में तो आवासीय प्लाट पर चल रही होटल पर कार्रवाई कर दी गई है लेकिन बाकी किसी भी क्षेत्र में इस तरह की कोई कार्रवाई निगम के द्वारा अभी तक नहीं की गई है। जब आवासीय प्लाट पर होटल के रूप में व्यावसायिक गतिविधि का संचालन गलत है तो फिर यह कार्रवाई पूरे शहर में की जाना चाहिए।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved