
इंदौर. मध्य प्रदेश (MP) के इंदौर (Indore) शहर में बुधवार तड़के एक बड़ा हादसा हो गया। एग्रीकल्चर कॉलेज (Agriculture College) के ठीक सामने स्थित चार्टर्ड बस डिपो (Chartered Bus Depot) में रात करीब 2 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि डिपो में खड़ी चार से पांच चार्टर्ड बसें पूरी तरह जलकर खाक हो गईं। गनीमत रही कि घटना के समय बसें खाली थीं, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
कचरे में लगी आग ने लिया विकराल रूप
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि डिपो परिसर के पास पड़े कचरे के ढेर में अचानक आग लगी थी। तेज हवा चलने के कारण आग की लपटें तेजी से फैलीं और पास में खड़ी बसों तक पहुंच गईं। बसों के भीतर मौजूद डीजल, फोम की सीटों और रेगजीन के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया।
दो घंटे की मशक्कत के बाद पाया काबू, टला बड़ा हादसा
हादसे के वक्त डिपो परिसर में शहर की आई-बस (i-Bus) सहित कई अन्य बसें भी बड़ी संख्या में खड़ी थीं। आसमान में धुएं का घना गुबार और आग की ऊंची लपटें उठती देख डिपो कर्मचारियों और स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां और रात्रि गश्त कर रही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। दमकलकर्मियों ने सूझबूझ दिखाते हुए पहले अन्य बसों को सुरक्षित दूरी पर हटवाया और फिर करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद पानी की बौछार कर आग पर पूरी तरह काबू पाया। यदि समय रहते अन्य बसों को नहीं हटाया जाता, तो नुकसान कहीं अधिक बड़ा हो सकता था।
फिलहाल आग बुझा ली गई है और प्रशासन व डिपो प्रबंधन द्वारा इस अग्निकांड से हुए कुल आर्थिक नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved