भोपाल न्यूज़ (Bhopal News)

पुलिस सेवा में भर्ती होंगी 30 प्रतिशत बेटियां

  • आवासीय भू अधिकार पत्र वितरण एवं महिला सम्मेलन में सीएम ने की घोषणा
  • 600 करोड़ से ज्यादा की 250 योजनाओं का किया भूमिपूजन और लोकार्पण

बैतूल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सोमवार को बैतूल में राज्य स्तरीय मुख्यमंत्री आवासीय भू-अधिकार पत्र वितरण एवं महिला सम्मेलन कार्यक्रम में भाग लेने पहुंचे। जहां उन्होंने 600 करोड़ से ज्यादा की 250 योजनाओं का भूमिपूजन लोकार्पण किया। वहीं महिला सम्मेलन को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि एक और क्रांति महिलाओं के लिए लाई जा रही है। पुलिस में 30 प्रतिशत भर्ती बेटियों की करेंगे। थाने में कोई घटना की शिकायत लेकर आए और पुरुष अफसर ही होंगे तो वह कैसे बताएगी। हम इसीलिए पुलिस की नौकरी में 30 प्रतिशत भर्ती बहनों की करेंगे। महिला के नाम पर एक प्रतिशत रजिस्ट्री का शुल्क लगेगा। इससे बहने संपत्ति की मालिक बन रही हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मुझे बताया गया कि आज तक इतना जन समूह कभी बैतूल में नहीं रहा। उन्होंने कहा कि मुगल शासन आने के बाद से बहनें दोयम दर्जे की हो गई। बेटा जन्म लेने पर खुशी होती थी, बुढ़ापे का सहारा आ गया यह कहते थे। हालत यह हो गई थी कि बेटी के आने की जानकारी होने पर कोख में ही बेटियां मारी जाने लगी थीं। बेटी नही बचाओगे तो बहू कहां से लाओगे। बेटियों के बिना दुनिया नही चल सकती। हमने पहले लाडली लक्ष्मी योजना बनाई। 44 लाख 50 हजार लाडली बेटी प्रदेश में हैं। 50 प्रतिशत आरक्षण नही देते तो आज आधी आबादी राजनीति में हैं। पंच से लेकर मेयर, विधायक तक महिला बन रही हैं।

लाड़ली बहना से बदलेगी तकदीर
भैया सावन के महीने में बहन को एक बार याद करता है। इसीलिए विचार किया कि बहनों को हर माह कुछ दे पाऊं। रात भर सोचा और सुबह चार बजे लाडली बहना का ख्याल आया। हर माह उनके खाते में एक हजार रुपए नकद जमा करेंगे। अब बहनों के खाते में साल में 12 हजार रुपए आएंगे। बहुओं, सास को भी राशि मिलेगी। किसान सम्मान निधि भी मिल रही है। इससे घर की आर्थिक स्थिति सुधरेगी। लाड़ली बहना के आवेदन गांव में भरे जाएंगे। हर वार्ड में शिविर लगाए जा रहे हैं। 30 अप्रैल के बाद भी कोई रह गया तो भर लेंगे। चिंता काहे की भैया तो है ना बाद में भी भर देंगे।


सीएम को बांधी 101 फीट लंबी राखी
जिले की सभी 556 ग्राम पंचायतों की लाड़ली बहनों के द्वारा भेजे गए सूत के धागों से स्व सहायता समूह की महिलाओं ने 101 फीट लंबी राखी बनाई। सीएम के मंच पर पहुंचते ही बहनों ने मुख्यमंत्री भाई को यह राखी बांधी। लाड़ली बहना योजना का बेल्ट भी मुख्यमंत्री को पहनाया गया।

600 से ज्यादा भू अधिकार पत्रों का वितरण
सीएम शिवराज सिंह चौहान यहां 600 से ज्यादा भू अधिकार पत्रों का वितरण किया। इस कार्यक्रम में 50 हजार लोगों के बैठने की व्यवस्था की गई है। टिगरिया में मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर के लैंड करने के लिए हेलीपैड बनाया गया था। जहां से सड़क मार्ग से वे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। सुरक्षा व्यवस्था के लिए यहां 1 हजार जवानों का पुलिस बल बुलाया गया है। इसमें पुलिस मुख्यालय नर्मदापुरम का बल शामिल है। कार्यक्रम स्थल पर लोगों के प्रवेश के लिए 5 प्रवेश द्वार बनाए गए है। कार्यक्रम स्थल पर 27 सेक्टर बनाए गए है। जिनमें कार्यपालक मजिस्ट्रेट के साथ बल लगाया गया है। एक हजार बसों से लोग कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे।

मुलताई में बनाया जाएगा ताप्ती कारीडोर
बैतूल में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बड़ी घोषणा की है। उन्होंने कहा कि सूर्यपुत्री मां ताप्ती के उद्गम स्थल मुलताई में मां ताप्ती कारीडोर बनाया जाएगा। यह मांग लंबे समय से की जा रही थी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सारणी में नया पावर प्लांट बनाने की प्रक्रिया जारी है। उन्होंने कहा कि बैतूल जिले के क्रांतिकारियों के नाम पर विभिन्न संस्थानों के नामकरण किए जाएंगे।

Share:

Next Post

अब ड्राइविंग लाइसेंस का भी निकाल सकेंगे प्रिंट!

Tue Apr 4 , 2023
कार्ड की किल्लत के बीच नई व्यवस्था पर विचार कर रहा परिवहन विभाग ओटीपी से हो सकेगा प्रिंट, मिलेगी मान्यता भोपाल। यदि सबकुछ ठीक-ठाक रहा तो वाहन चालकों को आरटीओ कार्यालय से ड्राइविंग लाइसेंस के कार्ड प्रिंट की मारामारी से छुटकारा मिल जाएगा। दरअसल, आधार कार्ड की तरह ड्राइविंग लाइसेंस भी खुद वाहन चालक कही […]