
- रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य विभाग एवं आरपीएफ का संयुक्त टिकट जांच अभियान
जबलपुर। पमरे के जबलपुर रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक डॉ. मधुर वर्मा, के निर्देशन में शुक्रवार 19 जून को जबलपुर रेलवे स्टेशन पर वाणिज्य विभाग एवं रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा संयुक्त रूप से विशेष सघन टिकट जांच अभियान संचालित किया गया। यह अभियान सिंगरौली जबलपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस के आगमन के समय प्लेटफॉर्म संख्या 1, 2 एवं 3 पर चलाया गया। अभियान में डीसीटीआई संदीप श्रोती, हेड टिकट परीक्षक बृजेश तिवारी तथा रेलवे सुरक्षा बल के उपनिरीक्षक धीरज कुमार के नेतृत्व में कुल 6 टिकट जांच कर्मचारी एवं 3 आरपीएफ कर्मियों ने सहभागिता की।
जांच के दौरान बिना टिकट एवं अनियमित रूप से यात्रा करने वाले यात्रियों, स्टेशन एवं प्लेटफॉर्म परिसर में गंदगी फैलाने वाले व्यक्तियों तथा बिना बुक कराए अतिरिक्त सामान (अनबुक्ड लगेज) के साथ यात्रा करने वाले यात्रियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की गई। अभियान के दौरान कुल 49 प्रकरण दर्ज किए गए, जिनसे 23,265 रुपये का रेल राजस्व अर्जित हुआ। अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाले यात्रियों के विरुद्ध भारतीय रेल के प्रचलित नियमों एवं प्रावधानों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की गई। साथ ही यात्रियों को वैध टिकट के साथ यात्रा करने, अतिरिक्त सामान की नियमानुसार बुकिंग कराने तथा स्टेशन परिसर एवं प्लेटफॉर्म पर स्वच्छता बनाए रखने के संबंध में जागरूक भी किया। रेल प्रशासन द्वारा यात्रियों से अपील की गई है कि वे सदैव वैध टिकट के साथ यात्रा करें, रेलवे परिसर में स्वच्छता बनाएतथा अतिरिक्त सामान का नियमानुसार बुकिंग कराकर ही यात्रा करें। यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं रेलवे नियमों के प्रभावी अनुपालन हेतु भविष्य में भी इस प्रकार के विशेष जांच अभियान नियमित रूप से संचालित किए जाते रहेंगे।