इंदौर न्यूज़ (Indore News) मध्‍यप्रदेश

तीन कांग्रेसी पार्षद, पूर्व पार्षद, पंच-सरपंच सहित 8 हजार कांग्रेसी थामेंगे भाजपा का हाथ

दलालबाग में बड़े आयोजन की तैयारी, मुख्यमंत्री पहनाएंगे भाजपा का दुपट्टा

इंदौर। कल मुख्यमंत्री की मौजूदगी में हजारों कांग्रेसी (Congressmen) भाजपा (BJP) की सदस्यता लेने जा रहे हैं। इनमें तीन कांग्रेसी पार्षदों (councilors) के नाम प्रमुखता से सामने आए हैं, वहीं ग्रामीण क्षेत्र से भी कांग्रेस के कुछ बड़े नेताओं के नाम सामने आ रहे हैं। ये सभी संजय शुक्ला (Sanjay Shukla) और विशाल पटेल (Vishal Patel) समर्थक बताए जा रहे हैं। इसके पीछे भाजपा के कद्दावर नेता और मंत्री कैलाश विजयवर्गीय (Kailash Vijayvargiya) की रणनीति बताई जा रही है। दलाल बाग में दोपहर 12 बजे यह आयोजन रखा गया है।

पहले दावा किया जा रहा था कि 10 हजार कांग्रेसी भाजपा में शामिल होंगे, लेकिन अब 8 हजार की बात कही जा रही है। लंबे समय से कांग्रेस के कुछ नेताओं द्वारा भाजपा में शामिल होने की बातें सामने आ रही थीं। इस पर से कल सस्पेंस हट जाएगा कि कांग्रेस का कौन बड़ा नेता भाजपा में आ रहा है? वैसे भाजपा दावा कर रही है कि कांग्रेस को कल जोर का झटका दिया जाएगा। कांग्रेस के कई नेता भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं और इसमें कांग्रेस के तीन वर्तमान पार्षद भी शामिल हैं, जिसमें शिवम यादव, ममता सुनेर और यशस्वी पटेल के नाम सामने आ रहे हैं। हालांकि तीनोां ने भाजपा में शामिल होने के मामले में चुप्पी साध रखी है, वहीं महिला कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाई गई साक्षी शुक्ला का नाम भी चल रहा है, लेकिन उनके समर्थकों का कहना है कि वे जिस परिवार से ताल्लुक रखती है, उसको छोडक़र नहीं जाएंगी। वैसे साक्षी संजय शुक्ला के करीबी समर्थकों में जानी जाती है और वे भाजपा में जाएंगी या नहीं, ये कल ही तय हो पाएगा। इसके अलावा कई पूर्व पार्षदों के नाम भी सामने आ रहे हैं। वहीं ग्रामीण क्षेत्र देपालपुर से भी कांग्रेस का एक बड़ा कुनबा तोडऩे की तैयारी हैं। इसमें कई पंच-सरपंच सहित पूर्व पंचायत सदस्य भी शामिल हैं। भाजपा इसकी सूची तैयार कर रही है जो आज शामतक तैयार हो जाएगी और कल मुख्यमंत्री मोहन यादव, प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा की मौजूदगी में इन्हें भाजपाई दुपट्टा पहनाया जाएगा। शुक्ला और पटेल नेताओं के समर्थकों के साथ कुछ बड़े नेताओं और कांग्रेस पदाधिकारियों को लाने में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की भूमिका भी सामने आई है, जिनकी बात विजयवर्गीय से उन्होंने करवाई।

कुछ और विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसियों पर भी भाजपा की निगाहें…

भाजपा का गेम प्लान कांग्रेसियों का मनोबल तोडऩा है। इसी को लेकर वह कुछ और विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेसी नेताओं पर निगाह रख रही है जो दलबदल कर सकते हैं। एक देपालपुर और पांच नंबर के बाद अब दो नंबर विधानसभा में भी कुछ नेताओं के मन टोटल जा रहे हैं तो तीन नंबर विधानसभा में भी कुछ नेता दलबदल का मन बना रहे हैं। भाजपा ये नाम इसलिए जाहिर नहीं कर रही है कि कहीं कांग्रेसी उन्हें रोक न लें। सांवेर क्षेत्र से पहले से ही कुछ कांग्रेसी नेता सिलावट के साथ जाहिर तौर पर सामने आ चुके हैं। अब राऊ की बारी है जहां भाजपा तोडफ़ोड़ कर सकती है। इससे पूर्व भी आशंका जताई जा रही थी कि कई कांग्रेसी भाजपा में शामिल होने जा रहे हैं, लेकिन यह प्लान वहीं थम गया। अब फिर से कयास लगाए जा रहे हैं कि कांग्रेसी अब भाजपा में शामिल हो भी सकते हैं। हालांकि भाजपा प्लानिंग के तहत काम कर रही है, इसी कारण कांग्रेसियों के नाम सामने नहीं आ रहे हैं।

Share:

Next Post

कांग्रेस में फिर दिखी गुटबाजी, एक कार्यवाहक अध्यक्ष ने सौंपे मोर्चा-प्रकोष्ठ को काम

Wed Apr 24 , 2024
ऐसा काम बांटा कि अगर अध्यक्ष ईमानदारी से काम करें तो कांग्रेस दे सकती है टक्कर इंदौर। इंदौर शहर कांग्रेस (Congress) में कोई जवाबदार नहीं बचा है और हर कोई अपने हिसाब से काम करने में लगा है। शहर अध्यक्ष सुरजीतसिंह चड्ढा (Surjeet Singh Chadha) की चुप्पी के कारण भी जिस तरह का काम लोकसभा […]