
कोझिकोड। आई-लीग फुटबॉल टूर्नामेंट के आगामी संस्करण के लिए गोकुलम एफसी ने डिफेंडर दीपक देवरानी के साथ करार किया है।
दीपक लीग के पिछले संस्करण में मणिपुर के फुटबाल क्लब टीआरएयू एफसी के लिए खेले थे। वे दो बार आई-लीग का खिताब जीतने वाली मिनर्वा पंजाब और मोहन बागान के लिए भी खेल चुके हैं। इसके अलावा दीपक ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) क्लब एफसी पुणे सिटी का भी प्रतिनिधित्व किया है।
गोकुलम के साथ करार पर दीपक ने कहा, “गोकुलम एफसी के साथ मैं अपनी आई-लीग खिताब की हैट्रिक पूरी करना चाहता हूं। मुझे लगता है कि हमारे पास जो टीम है वह यह कर सकती है। मैं इसे हासिल करने के लिए काफी मेहनत करूंगा और केरल के फुटबाल प्रशंसकों को ट्रॉफी दिलाने की कोशिश करूंगा।”
पुणे सिटी एफसी से लोन पर आने के बाद उन्होंने अपना पहला आई-लीग खिताब मोहन बागान के खिलाफ जीता था। मिनर्वा पंजाब के साथ उनका सीजन शानदार रहा था और उन्होंने टीम को खिताब दिलाने मदद की थी। वह क्लब के लिए दो सीजनों में 25 मैच खेले थे।
टीम के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) बी अशोक कुमार ने कहा, “दीपक को अपनी टीम में शामिल कर हम काफी खुश हैं। वह काफी बहादुर डिफेंडर और अनुभवी खिलाड़ी हैं। वह हमारी टीम में गहराई लेकर आएंगे और टीम के लिए काफी उपयोगी साबित रहेंगे।” (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved