
भोपाल। मध्य प्रदेश में 1 जनवरी से सभी शासकीय और अशासकीय कॉलेज खुल जाएंगे। पहले 10 दिन प्रैक्टिकल के लिए क्लास लगाई जाएंगी। 10 तारीख के बाद यूजी फाइनल ईयर और पीजी थर्ड सेमेस्टर की क्लास शुरू हो जाएंगी। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा शासन को भेजे गए प्रस्ताव को लगभग तैयार कर लिया गया है। सूत्रों की माने तो नई गाइड लाइन के अनुसार नियमित क्लास शुरू करने के निर्देश शनिवार को जारी कर दिए जाएंगे। हालांकि क्लास में आने या न आने का निर्णय छात्रों को स्वयं लेना है। उन्हें क्लास में आने के लिए मजबूर नहीं किया जाएगा। उच्च शिक्षा विभाग के अनुसार नई गाइडलाइन में कॉलेज लगाने को लेकर शासन ने प्रस्ताव तैयार कर दिया है। अभी फाइल शासन के पास ही है। एक जनवरी से सभी शासकीय और अशासकीय कॉलेज खुल जाएंगे। इसमें बीए से लेकर तकनीकी कॉलेज भी शामिल हैं। एक जनवरी से पहले प्रैक्टिकल और 10 जनवरी से नियमित क्लास शुरू की जाएंगी। इसके बाद 20 जनवरी को सभी जिलों के आपदा प्रबंधन की बैठक होगी। उसके बाद कॉलेज को आगे नियमित और क्लास की संख्या बढ़ाने पर निर्णय लिया जाएगा। इस में कोरोना की स्थिति को मुख्य रूप से ध्यान रखा जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved