
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) शनिवार, 23 अक्टूबर को मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना (Chief Minister Farmer Welfare Scheme) में प्रदेश के 44 जिलों के कृषक परिवारों को उनके खातों में सिंगल क्लिक से राशि अंतरित करेंगे। इस दौरान 77 लाख से अधिक किसानों को 1540 करोड़ रुपये की राशि ट्रांसफर की जाएगी।
मुख्यमंत्री किसान-कल्याण योजना के इस कार्यक्रम में सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर करीब 50 लाख लोग जुड़ेंगे। कार्यक्रम शनिवार, 23 अक्टूबर को पूर्वान्ह 11:30 बजे मिंटो हाल भोपाल में वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से होगा। इस कार्यक्रम में आदर्श आचरण संहिता वाले जिलों को शामिल नहीं किया गया है।
मुख्यमंत्री चौहान ने गुरुवार देर शाम सीएम निवास पर आहूत बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा की जानकारी प्राप्त की। प्रमुख सचिव मुख्यमंत्री एवं राजस्व मनीष रस्तोगी ने बताया कि योजना में प्रदेश के 77 लाख किसान परिवारों को 1540 करोड़ रुपये प्रदान किए जा रहे हैं। राज्य स्तरीय कार्यक्रम में किसानों को दी जा रही यह राशि वित्तीय वर्ष 2021-22 की है।
मुख्यमंत्री चौहान कार्यक्रम में प्रतीक स्वरूप 5 किसानों को अपने हाथों से योजना की किश्त प्रदान करेंगे। कार्यक्रम के संबंध में राजस्व विभाग द्वारा आवश्यक तैयारियाँ पूर्ण कर ली गई हैं। बैठक में मुख्य सचिव इकबाल सिंह बैंस और अन्य अधिकारी उपस्थित थे। (एजेंसी, हि.स.)
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved