
उज्जैन। आज सुबह लोग घरों से निकले तो चौराहों पर पुलिस रोककर जबरन के सवाल कर रही थी। जैसे कि आम नागरिकों से पूछा जा रहा हो कि नड्डा जी उज्जैन आ रहे हैं, क्या आपको पता है..? भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा आज दोपहर 12 बजे उज्जैन पहुँचे लेकिन इससे पहले उनकी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन सुबह से सक्रिय हो गया। हालत यह थी कि सुबह 5 बजे से ही शहर के प्रमुख मार्गों पर पुलिस ने वाहनों की चैकिंग शुरू कर दी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का काफिला इंदौर से होकर महामृत्युंजय द्वार पहुँचेगा और यहां से महाकाल मंदिर जाएगा। इसे देखते हुए सुबह से ही इन मार्गों पर जगह-जगह पुलिस तैनात कर दी गई थी। मार्ग पर आने-जाने वाले हर नागरिक को रोका जा रहा था तथा उनकी तथा वाहनों की चैकिंग की जा रही थी।
कई लोगों को तो सुबह यह समझ ही नहीं आ रहा था कि शहर में आज कई जगह इतना पुलिस क्यों लगा हुआ है। जगह-जगह चैकिंग होने से लोग परेशान भी होते रहे। इसी तरह महाकाल मंदिर क्षेत्र में भी नड्डा के आगमन को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था सुबह से बढ़ा दी गई जिसकी वजह से आम श्रद्धालु परेशान होते रहे। हरिफाटक पुल की चौथी शाखा से लेकर बेगमबाग की ओर जाने वाले मार्ग पर भी ट्रेफिक को डायवर्ट करने की तैयारी सुबह से शुरू हो गई थी। इसके चलते भी इस मार्ग से आने-जाने वाले लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved