
उज्जैन। आज देर रात नगर में सैकड़ों स्थानों पर होलिका दहन के कार्यक्रम होंगे। हर पर्व की तरह इसकी शुरुआत भी आज शाम महाकाल मंदिर प्रांगण में होलिका दहन के साथ होगी। सिंहपुरी में भी 5 हजार कंडों की विशाल परंपरागत होली का दहन किया जाएगा। संतोषी माता मंदिर में भी आज सुबह से होलिका को सजा दिया गया है। शहर में कई जगह होली के डांडे गाड़े गए हैं। देर रात तक पूरे नगर में होलिका दहन होगा और कल धुलेंडी खेली जाएगी। महाकाल मंदिर में भी कल से आरतियों का समय बदल जाएगा।
फाल्गुन मास शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा पर आज रात होलिका दहन की परंपरा का निर्वहन पूरे शहर में किया जाएगा। कोरोना के चलते पिछले दो सालों से 5 दिवसीय रंगों के इस त्यौहार की रंगत फीकी रही थी। इस बार कोरोना के कोई प्रतिबंध नहीं होने के कारण होली पर्व को लेकर पूरे नगर में उत्साह है। शहर की सबसे प्राचीन और अनूठी सिंहपुरी की 5 हजार कंडों वाली होली सजकर तैयार हो गई है। इसके अलावा आज शाम को पूरे शहर में होलिका दहन के कार्यक्रम आरंभ होने से पहले महाकाल मंदिर प्रांगण में पुजारियों द्वारा होलिका दहन किया जाएगा। पुजारी आशीष गुरु ने बताया कि आज शाम को भगवान महाकाल की संध्या आरती के बाद ओंकारेश्वर मंदिर के सामने विधिवत पूजन अर्चन करने के बाद होलिका दहन किया जाएगा, वहीं कल 18 मार्च धुलेंडी के दिन तड़के 4 बजे भस्मारती में सबसे पहले भगवान महाकाल को रंग गुलाल लगाया जाएगा। साथ ही कल से परंपरानुसार भगवान महाकाल को भी शीतल जल से स्नान कराना आरंभ कर दिया जाएगा। इसके साथ ही भगवान महाकाल की आरतियों के समय में भी परिवर्तन हो जाएगा। महाकाल में होलिका दहन के साथ ही आज देर रात से शहर में 300 से ज्यादा स्थानों पर होलिका दहन के कार्यक्रम होंगे।
होली का दहन आज रात 3.15 से प्रात: 5.58 के बीच करना शुभ
ज्योतिषाचार्य पं. चंदन श्यामनारायण व्यास ने बताया कि पूर्णिमा 18 मार्च को दोपहर 12.48 तक रहेगी और होलिका दहन पूर्णिमा युक्त रात्रि में किया जाता है, इसलिए होलिका दहन आज रात्रि में होगा। फाल्गुन शुक्ल की चौदस पर आज दोपहर 1 बजकर 31 मिनट पर भद्रा लग रही है और भद्रा में पूजन करना निषेध माना जाता है। इस कारण होली का पूजन आज दोपहर 12.15 से 1.30 के मध्य करना शुभ होगा। आज दोपहर 1.31 से रात्रि 1 बजकर 10 मिनट तक भद्रा रहेगी। उन्होंने कहा कि भद्राकाल में होलिका दहन नहीं करना चाहिए। इसलिए होली का दहन गुरुवार की रात 3.15 से प्रात: 5.58 के मध्य करना अत्यंत शुभ रहेगा।
रंगपंचमी पर होगा रापट रोलिया
द्वारकाधीश भगवान श्रीकृष्ण के आंगन गोपाल मंदिर पर स्वर्णिम भारत मंच के बैनर तले रंगपंचमी का त्यौहार रापट रोलिया कार्यक्रम का आयोजन कर धूमधाम से मनाया जाएगा। संयोजक जैकी ठाकुर ने बताया कि रापट रोलिया कार्यक्रम रंगपंचमी पर रखा जाएगा और सुबह 8 बजे दोपहर 4 बजे तक हजारों की तादात में लोग गोपाल मंदिर पर टमाटर की होली खेलेंगे।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved