
भोपाल। भाजपा अब पूरे साल तक हर बूथ पर अलग-अलग तरह के कार्यक्रम आयोजित करेगी, जिनमें सरकार की योजनाओं का प्रचार-प्रसार ज्यादा होगा और भाजपा सरकार के फायदे गिनाए जाएंगे। इसके लिए दो दिन त्रिदेव का प्रशिक्षण वरिष्ठ नेताओं द्वारा दिया गया। इस दौरान त्रिदेव को टास्क दिया गया है कि बूथ पर 10 प्रतिशत वोट बढ़ाओ।
भाजपा चुनावी तैयारी के चलते अपने कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को सक्रिय रखे रखना चाहती है। इसके लिए कुशाभाऊ ठाकरे जन्मशती समारोह भी मनाया जा रहा है। इस समारोह के तहत संगठन से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम किए जा रहे हैं, ताकि संगठन को मजबूत किया जा सके। बूथ के अध्यक्ष, महामंत्री और बीएलओ को मिलाकर त्रिदेव का प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया गया। इस शिविर में नवनियुक्त बूथ अध्यक्ष और महामंत्रियों को बताया गया कि वे किस तरह से लोगों के बीच जाकर काम करें। कुल 22 काम पूरे साल करने के लिए दिए गए हैं, जिनमें सरकार की योजनाओं के साथ-साथ संगठन के काम भी शामिल हैं। गौरतलब है कि भाजपा ने बूथ स्तर पर अध्यक्ष, महामंत्री और बीएलए की टीम बना दी है। पार्टी का मानना है कि ये तीनों मजबूत रहे तो संगठन खुद ब खुद शक्तिशाली हो जाएगा। इसलिए इन्हें त्रिदेव का नाम दिया गया। इसको लेकर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा और संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा का पूरा फोकस है।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved