देश मध्‍यप्रदेश

मप्रः सतना में सीएम शिवराज बोले-स्मार्ट सिटी के 1000 करोड़ पर कांग्रेस की नजर

सतना। हमने एक कार्यकर्ता को महापौर पद का प्रत्याशी (mayoral candidate) बनाया है। हमारे महापौर प्रत्याशी योगेश ताम्रकार (Yogesh Tamrakar) विकास के लिए शानदार साबित होंगे। सतना के विकास (Development of Satna) के लिए आप लोग भाजपा को समर्थन दें और हमारे महापौर प्रत्याशी योगेश ताम्रकार तथा सभी 45 वार्डो के प्रत्याशियों को जिताकर सतना के विकास की नई इबारत लिखें।


यह बात मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Chief Minister Shivraj Singh Chouhan) ने गुरुवार को सतना में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। उन्होंने कहा कि हमने सतना के विकास के लिए और सतना स्मार्ट सिटी के अंतर्गत 1000 करोड़ रुपये का जो प्रावधान किया है, कांग्रेस की नजर उस पैसे पर है। कांग्रेस के प्रत्याशी जो सतना के विधायक भी हैं, कहते हैं कि विधायकी में क्या रखा है, पैसा तो मेयर पद मे हैं। यानी इनका विकास से कोई लेना-देना नही है और नजर पैसे पर ही है।

डबल इंजन की सरकार सतना के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी
उन्होंने कहा कि देश में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार है और प्रदेश में भाजपा की सरकार है। डबल इंजन की सरकार सतना के विकास में कोई कोर कसर नहीं छोड़ेगी। हमने सतना को विकसित और सुन्दर शहर बनाने के लिए लगातार काम किया है। लगभग साढ़े पॉच सौ करोड़ की लागत से सतना में मेडिकल कालेज बनकर तैयार है। स्मार्ट सिटी का विकास, पेय जल के लिए समुचित व्यवस्था साथ ही अमृत योजना के अन्तर्गत करोड़ों रुपये के काम हुए हैं। सतना एक बड़े गांव जैसा था, जहां 951 करोड़ की लागत से अनेक विकास कार्य किये गये हैं।

उन्होंने कहा कि सतना शहर के 5 हजार से ज्यादा लोगों को हमने प्रधानमंत्री आवास योजना के अन्तर्गत पक्के मकान देने का काम किया है और अगले 2 साल में सभी को पक्का मकान दे देंगे। सतना के एक लाख बाइस हजार एक सौ उनसठ लोगों को फ्री राशन देने का काम भाजपा की सरकार कर रही है। उन्होंने कहा कि क्या कभी कांग्रेस की सरकार ये काम कर पाती? उन्होंने कहा कि कमलनाथ ने सम्बल योजना से लोगो का नाम काटने का पाप किया था लेकिन ये भाजपा की सरकार है, हर गरीब को सम्बल योजना का लाभ मिलेगा।

हमने माताओं-बहनों को आरक्षण देकर उनका सम्मान बढ़ाया है
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि आधी आबादी का हम पूरा ध्यान रखते हैं। हमने स्थानीय निकाय के चुनावों में 50 प्रतिशत आरक्षण देकर तथा सरकारी नौकरियों में आरक्षण देकर माताओं-बहनों का सम्मान बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि लाड़ली लक्ष्मी योजना के अन्तर्गत बेटियों के लिए पढ़ाई लिखाई तथा विवाह तक की सम्पूर्ण व्यवस्था भाजपा की सरकार ने की है। प्रदेश के मेधावी छात्रों के लिए मेडिकल और इंजीनियरिंग की पढ़ाई की सम्पूर्ण व्यवस्था उनकी फीस भरने का काम भाजपा सरकार कर रही है। अब मेडिकल और इंजीनिरिंग की पढ़ाई अब हिन्दी मे होगी यह अपने आप मे क्रांतिकारी कदम है ताकि हिन्दी मीडियम के बच्चों को किसी भी प्रकार की दिक्कत न हो।

सतना के समुचित विकास के लिए भाजपा का मेयर और पार्षद चुनें
मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा के मेयर और पार्षद प्रत्याशियों को जितायें ताकि ग्रीन सतना, क्लीन सतना बने। सतना स्मार्ट सिटी के रूप में विकसित हो। साफ सुथरी सड़कों का निर्माण हो। हर घर में शुद्ध जल पहुंचे। सतना के उद्यौगिक विकास, सतना के व्यपारिक विकास, सतना के गरीबों के कल्याण के लिए भारतीय जनता पार्टी का जीतना बेहद जरूरी है।

उन्होंने कहा कि देश में भाजपा की सरकार है, प्रदेश में भाजपा की सरकार है और अब शहर सरकार भी भाजपा की बनाइये, ताकि शहर में विकास की गंगा बहे और यहां के कांग्रेस प्रत्याशी को कह दीजिए वह विधायक का काम करे, मेयर बनने का सपना न संजोये। विकास का काम अगर कोई कर सकता है तो भाजपा ही कर सकती है। यहां के छोटे-छोटे व्यापारियों, चाय पान की गुमठी वाले हों, सब्जी वाले हों, रेहणी ठेला वाले हों, सभी के कल्याण के लिए हमारे प्रत्याशी संकल्पित होकर काम करेंगे।

बहन द्रोपदी मुर्मू बनेंगी देश की राष्ट्रपति
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आम जनता की पार्टी है। हमने एक आदिवासी समाज से आने वाली बहन द्रोपदी मुर्मू को राष्ट्रपति के लिए उम्मीदवार बनाया है। यह वास्तव में आदिवासी समाज का सम्मान है। उन्होंने कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष कमलनाथ पर कटाक्ष करते हुए कहा कि कमलनाथ ने अपने मुख्यमंत्री कार्यकाल में कोई काम नहीं किया। मुख्यमंत्री आवास दलालों का अड्डा बन गया था। प्रदेश के विकास को रोकने का काम कांग्रेस पार्टी ने किया था। (एजेंसी, हि.स.)

Share:

Next Post

राष्ट्रपति पद के लिए द्रौपदी मुर्मू की उम्मीदवारी के मायने

Fri Jun 24 , 2022
– दीपक कुमार त्यागी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बड़ा दांव चलते हुए झारखंड के राज्यपाल पद के दायित्व का लंबे समय तक सफलतापूर्वक निर्वहन करने वाली द्रौपदी मुर्मू को एनडीए का राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित करवाकर विपक्षी दलों में जबरदस्त राजनीतिक भूचाल लाने कार्य किया है। ऐसा कर जहां देश को पहली बार आदिवासी […]