बड़ी खबर राजनीति

संजय राउत ने देवेंद्र फडणवीस को बताया राज्य का सबसे दुखी इंसान, कहा- कमिश्नर को हवलदार बना दिया

मुंबई। महाराष्ट्र की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर चलता ही रहता है। कभी सत्ता विपक्ष पर हमला करती है तो कभी विपक्ष सत्ता पर हमला करती है। मंगलवार को शिवसेना के प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद संजय राउत ने उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पर निशाना साधा है। राउत ने फडणवीस को असंतुष्ट नेता बताया हैं। बता दें, डिप्टी सीएम ने हाल में ही राउत को असंतुष्ट बताया था। जिसका पलटवार करते हुए राउत ने फडणवीस पर निशाना साधा है।

सीनियर को जूनियर के नीचे कर दिया

संजय राउत ने मंगलवार को एक इंटरव्यू में कहा कि एक बार देवेंद्र फडणवीस से पूछिए कि आखिर वह कितने संतुष्ट हैं। वे राज्य के एक दुखी व्यक्ति हैं। वह महाराष्ट्र के सीएम बनने जा रहे थे। सब उनको बधाइयां दे रहे थे। लेकिन उन्हें अचानक शपथ लेने से रोक दिया गया और उन्हें अचानक डिप्टी सीएम बना दिया गया। एक बार पूछिए उनसे क्या वह संतुष्ट हैं। राउत ने इंटरव्यू में आगे कहा कि राजनीति में उनके जूनियर एकनाथ शिंदे को मुख्यमंत्री बना दिया गया और सीनियर को जूनियर के नीचे कर दिया गया। उन्हें डिप्टी सीएम का पद दे दिया गया। क्या इस तरह से कोई व्यक्ति संतुष्ट हो सकता है भला। फडणवीस के लिए तो यह वही बात हो गई कि उन्हें कमिश्नर से सीधा हवलदार बना दिया गया हो।


हमारी पार्टी में सब खुश

राउत ने कहा कि फडणवीस का एक बार चेहरा देखिए, वह कितने दुखी हैं। जो व्यक्ति खुद इतना दुखी हो, इतना असंतुष्ट हो, वह दूसरे की संतुष्टि के बारे में क्या ही बताएगा। राउत ने उद्धव ठाकरे के नेतृत्व की तारीफ करते हुए कहा कि देखिए उनकी पार्टी का हर एक नेता खुश हैं, जो लोग दुखी थे, वह चले गए। हमारे यहां अभी सब खुश हैं।

अब जानिए क्या है पूरा मामला

उद्धव शिवसेना के सांसद विनायक राउत ने बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि 22 विधायक और नौ सांसद शिंदे की शिवसेना छोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। विनायक राउत ने दावा किया कि शिंदे शिवसेना के 13 में से 9 सांसद उद्धव ठाकरे की शिवसेना के संपर्क में हैं। इसका पलटवार करते हुए एक दिन पहले महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम फडणवीस और शिंदे गुट के नेता शंभूराज देसाई का बयान आया था। फडणवीस ने उद्धव गुट पर आरोप लगाते हुए कहा था कि पूरा ठाकरे गुट असंतुष्ट है। जिस तरह का असंतोष वहां है, वैसा और कहीं नहीं है। जबकि, शंभूराज ने कहा कि अगर विनायक अपना बयान वापस नहीं लेते तो उन्हें कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।

पहले भी एक-दूसरे पर किया है हमला 

मई की शुरुआत में महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने संजय राउत पर बिचौलिए होने का आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि राउत कांग्रेस के निर्देश पर चल रहे हैं। जैसा कांग्रेस बोल रही है वैसा ही कर रहे हैं। इसी के चलते राउत ने भाजपा के वोट कम करने के लिए कर्नाटक के बेलगावी में प्रचार किया था।

Share:

Next Post

कांग्रेस ने नारी सम्मान योजना के फार्म भरने की अवधि 30 जून तक बढ़ाई

Wed May 31 , 2023
इंदौर (Indore)। मध्यप्रदेश (Madhya Pradesh) में कांग्रेस सरकार बनने पर लागू होने वाली महती योजना नारी सम्मान योजना के फार्म भरने की अवधि को एक माह तक बढ़ाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने सभी कांग्रेसियों को निर्देशित करते हुए कहा है कि वे घर-घर जाकर इस योजना के लिए पात्रता रखने वाली प्रत्येक महिला का […]