भोपाल। सागर (Sagar) जिले में भाजपा (BJP) को बड़ा झटका लग गया है। यहां पार्टी के पूर्व सांसद लक्ष्मीनारायण यादव (Former MP Lakshminarayan Yadav) के बेटे सुधीर यादव ने जहां पार्टी छोड़ दी है, वहीं लक्ष्मीनारायण यादव भी बागी हो गए हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान अंधा-बहरा और तानाशाह हो गया है। जमीनी कार्यकर्ताओं की यहां कोई कद्र नहीं है। यादव इस विधानसभा क्षेत्र से अपने बेटे सुधीर यादव के लिए टिकट की मांग कर रहे थे, लेकिन पार्टी ने चौथी सूची में सुधीर यादव को टिकट न देते हुए वीरेंद्र सिंह को पार्टी का उम्मीदवार बनाया है।
सुधीर यादव सागर जिले की बंडा विधानसभा सीट से निर्दलीय या अन्य राजनीतिक दल के टिकट पर चुनाव मैदान में उतरेंगे। सुधीर ने 2018 का चुनाव सुरखी विधानसभा सीट से लड़ा था, जिसमें वे कांग्रेस के गोविंद सिंह से हार गए थे। इसके बाद उन्होंने बंडा सीट पर तैयारी शुरू कर दी। जब भाजपा से टिकट नहीं मिला तो उन्होंने पार्टी छोड़ दी। सुधीर यादव के भाजपा छोडऩे से सागर जिले में यादव वोट भाजपा से कट सकता है, जिसका भाजपा के दूसरे प्रत्याशियों को नुकसान हो सकता है। उनके पिता लक्ष्मीनारायण समाज के बड़े नेता हैं और प्रभाव रखते हैं। सागर जिले की सभी सीटों पर यादव वोटों की संख्या करीब 1.50 लाख है।
Share: