
इन्दौर। देश की प्रमुख निजी एयर लाइंस इंडिगो के विमान पिछले कुछ दिनों से लगातार खराब हो रहे हैं। कल से आज सुबह तक में कंपनी के तीन विमान इंदौर में ही खराब हो चुके हैं, जिसके कारण कल दो उड़ानों को निरस्त किया गया, वहीं आज भी एक उड़ान को निरस्त कर दूसरे विमान से यात्रियों को दिल्ली भेजा गया है।
विमानतल से मिली जानकारी के मुताबिक इंडिगो एयर लाइंस की फ्लाइट (6ई-962) सुबह 6.55 बजे इंदौर से दिल्ली जाती है। कल यह विमान इंदौर में खराब हो जाने के कारण उड़ान को निरस्त कर दिया गया था, वहीं आज भी यह विमान इंदौर में एक बार फिर खराब हो गया। इसके चलते कंपनी ने आज भी इस फ्लाइट को निरस्त करने की घोषणा की। इससे नाराज यात्रियों ने हंगामा शुरू कर दिया। इसके बाद कंपनी ने दूसरे विमान की व्यवस्था कर यात्रियों को दिल्ली रवाना किया। इसी तरह कल सुबह 7.10 बजे इंदौर से जबलपुर जाने वाली फ्लाइट (6ई-7316) का विमान भी इंदौर में खराब हो गया। इसके कारण कंपनी ने कल इस उड़ान को भी निरस्त कर दिया। कल दो और आज एक उड़ान के निरस्त होने से सैकड़ों यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। सबसे ज्यादा परेशानी उन यात्रियों को हुई, जिनकी आगे कनेक्टिंग फ्लाइट थी। कंपनी का एक विमान परसों भी शिर्डी में खराब हो गया था, जिसके कारण शिर्डी-इंदौर फ्लाइट को निरस्त किया गया था। यह विमान इंदौर से लखनऊ जाता है, विमान के ना आने से यात्रियों ने हंगामा किया था और कंपनी ने दूसरे विमान से यात्रियों को तय समय से पांच घंटे से ज्यादा देरी से रवाना किया था।
कई उड़ानें लेट
उड़ानों के निरस्त होने के साथ ही कई उड़ानों के लेट होने का सिलसिला भी जारी है। कल भी इंदौर से अहमदाबाद, जयपुर, चेन्नई और बैंगलुरु की उड़ानें घंटों देरी से आईं व गईं, वहीं आज सुबह लखनऊ जाने वाली उड़ान भी लेट रही। अधिकारियों की माने तो देश के कई शहरों में मौसम खराब होने से भी उड़ानें लेट होने लगी हैं।
©2025 Agnibaan , All Rights Reserved