
उज्जैन। करणी सेना के प्रमुख सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की राजस्थान के जयपुर में हुई दिनदहाड़े हत्या के विरोध में कल प्रदेश सहित उज्जैन में भी करणी सेना और राजपूत समाज ने प्रदर्शन और चक्का जाम किया था। साथ ही आरोपियों की गिरफ्तारी सहित 11 मांगों को लेकर आज प्रदेश बंद का आह्वान किया था। मांगे माने जाने पर इसे वापस ले लिया गया, लेकिन एहतियात के तौर पर आज सुबह से चामुण्डा चौराहा और फ्रीगंज में भारी पुलिस बल लगा हुआ है। उल्लेखनीय है कि राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुखदेव सिंह गोगामेड़ी की राजस्थान के जयपुर में मंगलवार को बदमाशों द्वारा हत्या कर दी गई थी। इसके विरोध में बुधवार दोपहर उज्जैन में करणी सेना ने टॉवर चौक पर चक्का जाम किया था और नाराज कार्यकर्ताओं तथा समाजजनों ने आरोपियों के एनकाउंटर सहित 10 मांगे रखी थी। साथ ही आज प्रदेश बंद का आह्वान किया था। मांगे माने जाने के बाद बंद का आह्वान करणी सेना ने वापस ले लिया, लेकिन एहतियात के तौर पर आज सुबह से चामुण्डा माता चौराहा से लेकर टॉवर चौक और शहीद पार्क पर पुलिस फोर्स लगा दी गई थी। टॉवर चौक पर वज्र वाहन और फायर ब्रिगेड सहित अमला लगा हुआ था। अधिकारियों के मुताबिक भले ही करणी सेना ने आज प्रदेश बंद का आह्वान वापस ले लिया हो, फिर भी एहतियातन अतिरिक्त पुलिस बल शहर के चुनिंदा स्थानों पर लगाया गया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved