
इंदौर। भाजपा द्वारा अपने संगठन का खर्चा निकालने के लिए शुरू किए गए आजीवन सहयोग निधि अभियान में भाजपा कार्यालय पर 2.26 करोड़ रुपए की राशि जमा हो गई है। इसमें विधानसभा क्षेत्र में 4 और 5 से अभी कम राशि आई है। भाजपा संगठन द्वारा पार्टी की इंदौर नगर इकाई को आजीवन सहयोग निधि के रूप में 3 करोड़ रुपए की राशि जमा करने का लक्ष्य दिया गया है। इस लक्ष्य को भाजपा द्वारा इंदौर शहर में मात्र 7 दिन के अंदर ही पूरा कर लिया गया है। प्रदेश में सबसे पहले लक्ष्य को हासिल करने का गौरव इंदौर नगर भाजपा के खाते में आया है। महापौर पुष्यमित्र भार्गव और भाजपा नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा के संयुक्त प्रयास से आजीवन सहयोग निधि की राशि का संग्रहण बेहतर तरीके से हो सका है।
अब भाजपा कार्यालय में एकत्र की गई राशि जमा करने का सिलसिला शुरू हो गया है। अभी 2.26 करोड़ की राशि जमा हो गई है। जो राशि जमा हुई है उसमें प्रदेश के नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के क्षेत्र से 56.42 लाख रुपए जमा हुए हैं। विधायक रमेश मेंदोला के क्षेत्र से सबसे ज्यादा 61.11 लाख रुपए की राशि जमा हुई है। विधायक गोलू शुक्ला के क्षेत्र से 40.49 लाख रुपए जमा हुए हैं। क्षेत्र क्रमांक 4 में मालिनी गौड़ के क्षेत्र से अभी 26.31 लाख रुपए ही जमा हुए हैं। इसी तरह क्षेत्र क्रमांक 5 से भी अभी केवल 22.97 लाख रुपए जमा हुए हैं। यह क्षेत्र विधायक महेंद्र हार्डिया का है। विधायक मधु वर्मा के क्षेत्र से 15 लाख रुपए जमा हुए हैं। सांवेर विधानसभा क्षेत्र के नगर में आने वाले ब्लॉक से अभी कोई राशि नहीं आई है, जबकि देपालपुर विधानसभा क्षेत्र के नगरीय क्षेत्र से डेढ़ लाख रुपए जमा हुए हैं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved