
– अब दुबे के मददगारों पर कहर…
ग्वालियर। आठ पुलिसकर्मियों को मौत के घाट उतारने वाले विकास दुबे के खात्मे के बाद उप्र पुलिस उसके मददगारों पर टूट पड़ी है। ग्वालियर में विकास दुबे गैंग के शशिकांत व शिवम को पनाह देने वाले ओमप्रकाश व अनिल पांडेय को गिरफ्तार कर लिया है। उज्जैन में भी मददगारों की खोज शुरू हो गई है।
उधर दुबे गैंग के 12 इनामी बदमाश अब भी फरार हैं। यह सभी लोग बिकरू गांव में हुई मुठभेड़ में शामिल थे। इनमें से दो पर 1-1 लाख, जबकि 10 पर 50-50 हजार रुपए का इनाम दर्ज है। इनकी गिरफ्तारी के लिए उत्तरप्रदेश सहित कई राज्यों में छापेमारी की जा रही है, जबकि उज्जैन में विकास दुबे के कनेक्शन की जांच के लिए एसटीएफ यहां पहुंचेगी। माना जा रहा है वह यहां महाकाल मंदिर भी जाएगी। साथ ही दुबे को पनाह देने वाले शराब कारोबारी आनंद तिवारी से भी पूछताछ करेगी।
साले की पत्नी की शिवराज से गुहार… एनकाउंटर से बचाएं
शहडोल। शहडोल में विकास दुबे के साले राजू की पत्नी पुष्पा निगम ने मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान और उत्तरप्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से गुहार लगाते हुए कहा कि मेरे पति और बेटे निर्दोष हैं, उन्हें एनकाउंटर से बचाइए। उत्तरप्रदेश एसटीएफ ने पिछले दिनों विकास दुबे के साले राजू और भानजे ज्ञानेन्द्र को गिरफ्तार किया था। पुष्पा को आशंका है कि उत्तरप्रदेश एसटीएफ दोनों का एनकाउंटर कर सकती है।
महाकाल मंदिर का होगा शुद्धिकरण
कांग्रेस ने महाकाल मंदिर के शंख द्वार के शुद्धिकरण का ऐलान करते हुए कहा कि विकास को साजिश के तहत शंख द्वार से प्रवेश कराया गया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved