
अशोक नगर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव (Chief Minister Dr Mohan Yadav) ने लाडली बहनों को लेकर कांग्रेस (Congress) पर जोरदार हमला बोला। कहा कि कांग्रेसियों को तो शर्म भी नहीं आती। वे कहते हैं कि लाडली बहनें सरकार की ओर से दिए जा रहे पैसों का दारू पी जाते हैं। उन्होंने इन बहनों को एक सलाह भी दी।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव शनिवार को अशोक नगर जिले के रूसल्ला गांव पहुंचे। यहां पर उन्होंने कांग्रेस पर जुबानी हमला बोलते हुए कहा कि हम लाडली बहनों को पैसे दे रहे हैं। कांग्रेस कहती है कि बहनें दारू पी जाती हैं। सीएम ने कहा कि बहनें चप्पल तैयार रखना और कोई कांग्रेसी आए तो कहना कि अब बता तू सूंघ करके देख। पैसे का परिवार में सदुपयोग हो रहा। कांग्रेसियों को तो शर्म नहीं आती, क्या बात करते हैं।
इससे पहले सीएम मोहन यादव ने पूर्व सांसद डॉक्टर के पी यादव के पिता स्वर्गीय रघुवीर सिंह यादव की छठवीं पुण्यतिथि के अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण किया। इसके बाद काफिले के साथ कार से रवाना हुए। इस दौरान जगह-जगह बड़ी-बड़ी जेसीबी के माध्यम से पुष्प बरसाकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री ने पूर्व सांसद के घर के पास स्थित मंदिर में पहुंचकर विधि विधान से पूजन किया। इसके बाद परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। वहां से सभा स्थल पर पहुंचे, जहां पर लोगों को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में राम मंदिर बनाया गया है अब कृष्ण मंदिर की बारी है। वहीं मुख्यमंत्री ने कांग्रेस को घेरते हुए कहा कि जब तीन तलाक का मुद्दा उठा तो कांग्रेस ने इसे लागू नहीं किया। तीन तलाक खत्म कर दी।
सीएम यादव ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि आज जिला अशोक नगर में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष स्वर्गीय रघुवीर सिंह यादव जी की 6वीं पुण्यतिथि पर आयोजित कार्यक्रम में भाग लिया। इस अवसर पर उनकी प्रतिमा का अनावरण कर श्रद्धांजलि अर्पित की। रघुवीर सिंह जी का सम्पूर्ण जीवन लोक-कल्याण के लिए समर्पित रहा। उनकी सरलता और सेवा भावना सदैव प्रेरणा देती रहेंगी।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved