
नई दिल्ली । रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (Royal Challengers Bangalore) की गेंदबाज श्रेयंका पाटिल (Bowler Shreyanka Patil) ने उस समय कमाल किया जब उन्होंने शुक्रवार, 16 जनवरी की रात गुजरात जाएंट्स (Gujarat Giants) के खिलाफ पंजा खोला। 183 रनों के टारगेट को डिफेंड करते हुए श्रेयंका ने शानदार गेंदबाजी की। 3.5 ओवर में उन्होंने मात्र 23 रन खर्च कर गुजरात की 5 बैटर्स को पवेलियन का रास्ता दिखाया। इन 5 विकेट के दम पर श्रेयंका WPL में इतिहास रचने में कामयाब रही। WPL में अभी तक कुल 8 गेंदबाज 5 विकेट हॉल ले चुकी हैं, इनमें से श्रेयंका ऐसा करने वाली सबसे युवा गेंदबाज हैं। जी हां, श्रेयंका ने WPL में अपना पंजा 23 साल और 169 दिन की उम्र में खोला।
श्रेयंका ने गुजरात जाएंट्स के खिलाफ पावरप्ले में गेंदबाजी शुरू की। पारी के पांचवें ओवर में उन्होंने मात्र 3 रन खर्च कर बेथ मूनी का विकेट लिया और अपने स्पेल की शानदार शुरुआत की। इसके बाद उन्हें 9वें ओवर में गेंद थमाई गई और इस बार उन्होंने 7 रन खर्च कर कनिका आहूजा का शिकार किया।
श्रेयंका को तीसरे ओवर के लिए फिर इंतजार करना पड़ा। स्मृति मंधाना ने उन्हें पारी के 15वें ओवर में फिर गेंद थमाई, इस बार भी श्रेयंका ने कप्तान को निराश नहीं किया और काशवी गौतम को आउट कर लगातार तीन ओवर में तीसरा विकेट हासिल किया।
19वें ओवर में जब फिर श्रेयंका के हाथ में गेंद आई तो मैच लगभग-लगभग आरसीबी की पक्ष में था। ऐसे में श्रेयंका की नजरें अपने पहले 5 विकेट हॉल पर थी। ओवर की दूसरी गेंद पर उन्होंने तनुजा कंवर को आउट कर चौथा शिकार किया। चौथी गेंद पर रेणुका सिंह का कैच छूटा, मगर अगली गेंद पर श्रेयंका ने उन्हें आउट कर अपना पंजा पूरा किया और आरसीबी को शानदार जीत दिलाई।
यह WPL में तीसरा मौका था जब श्रेयंका पाटिल ने एक पारी में 4 या उससे अधिक विकेट लिए थे, इस लिस्ट में मुंबई इंडियंस की एमिलिया केर 2 बार ऐसा कर दूसरे पायदान पर हैं। इन दोनों के अलावा किसी भी गेंदबाज ने एक से ज्यादा बार यह कारनामा नहीं किया है।
WPL में 5 विकेट हॉल लेने वाली गेंदबाज
6/15 – एलिस पेरी (RCB-W) बनाम MI-W, दिल्ली, 2024
5/15 – मैरिजेन कैप (DC-W) बनाम GG-W, मुंबई DYP, 2023
5/22 – आशा शोभना (RCB-W) बनाम UPW-W, बेंगलुरु, 2024
5/23 – श्रेयांका पाटिल (RCB-W) बनाम GG-W, मुंबई DYP, 2026
5/29 – तारा नॉरिस (DC-W) बनाम RCB-W, ब्रेबोर्न, 2023
5/33 – नंदिनी शर्मा (DC-W) बनाम GG-W, मुंबई DYP, 2026
5/36 – किम गार्थ (GG-W) बनाम UPW-W, मुंबई DYP, 2023
5/38 – अमेलिया केर (MI-W) बनाम UPW-W, लखनऊ, 2025
कैसा रहा RCB vs GGT मैच?
टॉस हारकर पहले बैटिंग करने उतरी आरसीबी की टीम ने राधा यादव के अर्धशतक और ऋचा घोष की शानदार पारी के दम पर निर्धारित 20 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 182 रन बोर्ड पर लगाए। राधा यादव ने 47 गेंदों पर 66 रनों की पारी खेली। इनके अलावा नादिन डी क्लर्क ने 12 गेंदों पर महत्वपूर्ण 26 रन बनाए। गुजरात जाएंट्स के लिए सोफी डिवाइन ने 3 विकेट लिए।
183 के टारगेट का पीछा करने उतरी गुजरात जाएंट्स की टीम पूरे 20 ओवर भी नहीं टिक पाई और 150 रनों पर ढेर हो गई। श्रेयांका पाटिल ने टी20 करियर का पहला 5 विकेट हॉल लेकर गुजरात के बल्लेबाजों को घुटने टेकने पर मजबूर कर दिया। भारती फुलमाली 39 रनों के साथ टीम की हाईएस्ट स्कोरर रहीं। श्रेयांका ने 3.5 ओवर में मात्र 23 रन खर्च कर 5 विकेट लिए। हालांकि प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड राधा यादव ले गईं।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved