
इंदौर। विधानसभा 1 के वार्ड क्रमांक 9 में शुक्रवार को उस समय विवाद की स्थिति निर्मित हो गई जब वर्षों से शासकीय भूमि (Government Land) पर किए गए करीब 18 हजार वर्गफीट अवैध कब्जे (Illegal Occupation) को हटाने की कार्रवाई शुरू की गई। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध जताया, जिससे मौके पर तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार वृंदावन कॉलोनी चौराहे से कुमार खाड़ी नाग मंदिर तक जाने वाली 40 फीट चौड़ी सड़क के दोनों ओर लंबे समय से अतिक्रमण फैला हुआ था। रहवासियों की शिकायतों और यातायात बाधा को देखते हुए पार्षद जायसवाल के नेतृत्व में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। इस दौरान सड़क किनारे किए गए अस्थायी निर्माण और कब्जों को हटाया गया।
बताया जा रहा है कि संबंधित भूमि शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज है, जिस पर निजी कब्जा कर लिया गया था। कार्रवाई के दौरान निगम अमले की मौजूदगी में अतिक्रमण हटाया गया। पार्षद ने कहा कि क्षेत्र को अतिक्रमण मुक्त करने और आम जनता की सुविधा के लिए यह कदम जरूरी था। सड़क चौड़ी होने से यातायात व्यवस्था में सुधार होगा और क्षेत्रवासियों को राहत मिलेगी।
कार्रवाई के दौरान सुरक्षा व्यवस्था के मद्देनजर स्थानीय प्रशासन भी मौजूद रहा, ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न बने। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि आगे भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान जारी रहेगा।

©2026 Agnibaan , All Rights Reserved