
इन्दौर। मध्य क्षेत्र के ट्रैफिक सुधारने की मशक्कत पिछले चार, पांच दिनों से फिर शुरू हुई है, ताकि बार-बार लगने वाले जाम से वाहन चालकों को निजात मिल सके और इसके लिए यातायात पुलिस के साथ-साथ निगम के अफसर रोज अलग-अलग बाजारों में दौरा कर रहे हैं। कल अफसरोंकी टीम पार्किंग स्थल देखने के साथ-साथ बड़वाली चौकी के पुराने एसपी आफिस पर भी पहुंचे, जहां खाली पड़ी जमीन पर अस्थायी पार्किंग स्टैंड बनाने को लेकर चर्चा हुई।
कल यातायात पुलिस, संबंधित थाने के अधिकारी और नगर निगम के कई अफसरों ने बजाज खाना चौक, सुभाष चौक, खजूरी बाजार और आसपास के अन्य पार्किंग स्थलों पर दौरा किया और वहां व्यवस्थाएं देखी। बड़ी गाडिय़ां तो पार्किंग स्थलों में खड़ी की जा रही है, लेकिन दोपहिया और छोटे वाहन बाजारों में खड़े कर लोग खरीदारी करते हैं, जिसके कारण ट्रैफिक की स्थिति बिगड़ती है । अधिकारियों ने अस्थायी तौर पर बड़वाली चौक के पुराने एसपी की जमीन पर अस्थायी पार्किंग स्टैंड बनाने की योजना पर भी चर्चा की।
जल्द ही इस बारे में पुलिस कमिश्नर संतोषसिंह के दौरे के बाद अस्थायी पार्किंग स्टैंड बनाए जाने की तैयारी है। हालांकि पहले से ही बने बजाज खाना और सुभाष चौक पार्किंगों में कोई दुपहिया वाहन खड़ा नहीं कर रहा है अब इस नए प्रयोग के भी सफल होने की आशंका है। पुलिस और नगर निगम की टीम सीतलामाता बाजार, खजूरी बाजार, शक्कर बाजार,गोराकुंड, पीपली बाजार, मारोठिया, बजाज खाना चौक, कृष्णपुरा, राजबाड़ा, गोपाल मंदिर, सुभाष चौक क्षेत्र सहित आसपास के कई बाजारों में सुबह, शाम वाहनों से मुनादी कर कब्जेधारियों को चेतावनी देगी और उसके बाद उनके खिलाफ कार्रवाई का अभियान शुरू किया जाएगा।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved