
नई दिल्ली। पूर्वी दिल्ली (East Delhi) के मयूर विहार इलाके (Mayur Vihar area) में उस वक्त सनसनी फैल गई जब स्टार सिटी मॉल (Star City Mall) की बेसमेंट पार्किंग में खड़ी एक होंडा सिटी कार के भीतर ड्राइवर का शव बरामद हुआ। सुबह-सुबह मिली इस सूचना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
मामले की जानकारी मिलते ही थाना मयूर विहार की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में अभी यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि ड्राइवर ने आत्महत्या की या फिर कार के अंदर दम घुटने से उसकी जान गई। पुलिस का कहना है कि मौत के असली कारण का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
बताया जा रहा है कि मॉल परिसर में HDFC Life का कार्यालय स्थित है। जिस कार से शव मिला है, वह गौरव नामक व्यक्ति की बताई जा रही है, जो उक्त कार्यालय में कार्यरत है। जानकारी के अनुसार गौरव ने ऑनलाइन माध्यम से ड्राइवर को कार चलाने के लिए बुलाया था।
फिलहाल थाना मयूर विहार पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से जांच कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश में जुटी है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved