
इंदौर। नगर निगम द्वारा मास्टर प्लान की 23 सडक़ों का निर्माण 4 अलग-अलग पैकेजों के द्वारा करवाया जा रहा है, जिनमें से आधा दर्जन सडक़ों का निर्माण निगम दावे के मुताबिक मानसून से पहले पूरा कर लिया जाएगा। एक महत्वपूर्ण सडक़ अटल द्वार से जंजीरवाला चौराहा तक भी बनना है। 60 फीट चौड़ी रोड में आठ मकान पूरी तरह टूटेंगे, तो 160 मकान-दुकान और अन्य निर्माण आंशिक रूप से हटाना पड़ेंगे। अभी जंजीरवाला चौराहा की तरफ से लक्ष्मी मेमोरियल हॉस्पिटल के बीच के हिस्से में निगम ने खुदाई के साथ सडक़ निर्माण की शुरुआत की है।
यह सडक़ इसलिए भी महत्वपूर्ण है कि जंजीरवाला चौराहा से लक्ष्मी मेमोरियल होते हुए एमआईजी थाने के सामने अटल द्वार तक का यातायात सुगम हो जाएगा और एबी रोड, पाटनीपुरा, भमोरी के व्यस्त यातायात में फंसना नहीं पड़ेगा। हालांकि अटल द्वार से लेकर उसके आगे तक की सडक़ निगम पहले बना चुका है। हालांकि इस पर भी ठेले सहित अन्य अतिक्रमण रहते हैं। निगम के जनकार्य समिति प्रभारी राजेन्द्र राठौर के मुताबिक, कल ही महापौर पुष्यमित्र भार्गव के साथ उन्होंने इस सडक़ निर्माण के चल रहे कार्य का अवलोकन भी किया और यह सडक़ भी निर्धारित चौड़ाई यानी 60 फीट ही बनाई जाएगी।
1.31 किलोमीटर लम्बी और 18 मीटर यानी 60 फीट चौड़ी इस सडक़ पर लगभग 11 करोड़ रुपए की राशि खर्च हो रही है। महापौर भार्गव ने भी निर्माणाधीन मार्ग में बाधक, अतिक्रमण और अन्य निर्माणों को जारी किए गए नोटिस की जानकारी भी ली और अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसी तरह की बाधा सडक़ निर्माण में ना आए। अभी लक्ष्मी मेमोरियल हॉस्पिटल और उसके पहले निगम का जो जीटीएस बना है उस तरफ पहले चरण में खुदाई के साथ निर्माण किया जा रहा है। एजेंसी को भी काम में तेजी लाने और निर्धारित समय सीमा में पूरा करने के निर्देश महापौर द्वारा दिए गए। वहीं जनकार्य समिति प्रभारी राठौर के मुताबिक, यह सडक़ यातायात की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है, जिसके जरिए जंजीरवाला से सीधे एमआईजी और वहां से पाटनीपुरा या योजना 54 विजय नगर तक का आवागमन सुगम हो जाएगा।
हालांकि इसमें लक्ष्मी मेमोरियल तक तो अधिक बाधाएं नहीं हैं और उसके बाद निगम ने पुलिया को भी चौड़ा पहले से कर रखा है। बाद के कुछ सर्विस सेंटर और अन्य दुकानों-मकानों को हटाया जाना है। इसका भी सर्वे करवा लिया है, जिसमें टंकी के सामने की पट्टी के मकानों के अलावा एक टर्निंग पर आ रहे मकानों को पूरा ही हटाना पड़ेगा। लगभग ऐसे 8 मकान पूरी तरह से टूटेंगे, तो 160 अन्य निर्माणों को आंशिक रूप से हटाया जाएगा। जिनके मकान पूरे टूट रहे हैं उनका निगम व्यवस्थापन भी करेगा और प्रधानमंत्री आवास में फ्लेट देने के साथ टीडीआर का लाभ भी अन्य हटाए जाने वाले निर्माणों में दिया जाएगा। यह सडक़ दो विधानसभा क्षेत्रों 2 और 5 नम्बर में आती है। श्री राठौर का कहना है कि इस सडक़ के अलावा अन्य आधा दर्जन से अधिक सडक़ों के निर्माण में भी तेजी आई है और उम्मीद है कि मानसून शुरू होने से पहले इन सडक़ों के निर्माण भी पूर्ण कर लिए जाएंगे।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved