
भोपाल। रंगपंचमी के मौके पर राजधानी भोपाल में कांग्रेस का होली मिलन समारोह सियासी रंग में नजर आया। मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी के भोपाल स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता, पदाधिकारी और कार्यकर्ता पहुंचे। सभी ने एक-दूसरे को रंग-गुलाल लगाकर रंगपंचमी और होली की शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान पूरे परिसर में उत्सव और जोश का माहौल देखने को मिला। कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों और रंग-गुलाल के साथ अपने नेताओं का स्वागत किया। नेताओं और कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को रंग लगाते हुए भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया। इस दौरान बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और युवा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह में पूर्व मंत्री पीसी शर्मा भी जीतू पटवारी के आवास पहुंचे और उन्हें रंगपंचमी की बधाई दी। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि रंगों का यह पर्व समाज में प्रेम, सद्भाव और एकता का संदेश देता है। इस अवसर पर उन्होंने सभी को होली और रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं। होली मिलन के दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के बीच अनौपचारिक चर्चा भी हुई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर संगठन को मजबूत करने और जनता के मुद्दों को लेकर सक्रिय रहने का संदेश दिया। कार्यक्रम में शहर और प्रदेश स्तर के कई पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
रंगों के इस आयोजन में कार्यकर्ताओं का उत्साह देखते ही बन रहा था। लोग एक-दूसरे को गुलाल लगाते, फोटो खिंचवाते और होली के पारंपरिक गीतों के साथ जश्न मनाते नजर आए। पूरे कार्यक्रम के दौरान जीतू पटवारी ने भी कार्यकर्ताओं से मिलकर उन्हें रंगपंचमी की शुभकामनाएं दीं और सभी का आभार जताया।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved