
इंदौर। मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के इंदौर शहर (Indore city) के लसुड़िया क्षेत्र में एक गरीब परिवार के मकान में गैस सिलेंडर (Attempted Gas Cylinder Theft) चोरी की कोशिश हुई। अब परिवार ने सिलेंडर की रक्षा के लिए उसे जंजीरों से बांध दिया है, ताकि सिलेंडर को चोर चुराकर न ले जा सके।
इंदौर की स्कीम नंबर 134 में रहने वाले बामनिया परिवार के कच्चे मकान में दिनदहाड़े एक युवक चोरी करने घुसा था। उस वक्त माता-पिता घर के बाहर गए थे और उनकी दस साल की बेटी घर में थी। युवक पिता से मिलने की बात कहकर घर में घुसा और सिलेंडर का रेगुलेटर निकाल लिया और टंकी ले जाने की कोशिश करने लगा। उसे ऐसा करते देख लड़की चिल्लाई और पड़ोस में रहने वाले चाचा को बुलाने के लिए दौड़ी।
चाचा मदद के लिए पहुंचे, तब तक चोर भाग चुका था। इसकी शिकायत थाने में भी करने की तैयारी परिवार कर रहा है। वहीं सिलेंडर की सुरक्षा के लिए अब उसे जंजीरों में बांधकर मजबूत ताला लगा दिया गया है। बच्ची ने बताया कि मुझे लगा कि युवक पापा का परिचित है, लेकिन वह सीधे कमरे में घुसा और सिलेंडर निकालने लगा, लेकिन मैं चिल्लाने लगी तो वह डर गया।
पड़ोस में रहने वाले बच्ची के चाचा शोभाराम ने बताया कि उनके पास भी दो सिलेंडर हैं। चोरी के प्रयास की घटना सामने आने पर उन्होंने भी दोनों सिलेंडरों को जंजीर से बांध दिया है। उनका कहना है कि दोनों परिवार कुक्षी के रहने वाले हैं और मजदूरी करने आए हैं।
खाली प्लॉट पर वे कच्चा मकान बनाकर रह रहे हैं, लेकिन खाना गैस चूल्हे पर बनाते हैं, क्योंकि लकड़ी जलाने से उठने वाले धुएं से आसपास के अमीर परिवारों को आपत्ति होती है। परिवार के बड़े लोग दिनभर मजदूरी के लिए बाहर जाते हैं और घर में महिलाएं और बच्चे रहते हैं। इस कारण चोरों की नजर हमारे मकानों पर रहती है। इसी वजह से हमने गैस सिलेंडर पर ताला लगाया है।
©2026 Agnibaan , All Rights Reserved